पखांजुर। कभी नक्सली साए में दहशत झेल चुका छोटेबेटिया-धरमपुर अब खेल और उत्साह की नई कहानी लिख रहा है। शहीद हेड कांस्टेबल रमेश चंद्र सोलंकी की स्मृति में पहली बार आईपीएल की तर्ज पर आयोजित रात्रिकालीन क्रिकेट महाकुंभ का रविवार 12 अप्रैल को रात 8 बजे भव्य शुभारंभ हुआ।
बीएसएफ 94वीं बटालियन के कमांडेंट राघवेंद्र सिंह ने फीता काटकर रमेश सोलंकी मेमोरियल नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 का उद्घाटन किया। इस मौके पर मनोज कसाना, एसी सतेंद्र मोहन, छोटेबेटिया थाना प्रभारी रमन लाल उसेंडी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।कमांडेंट राघवेंद्र सिंह ने बताया कि 25 मार्च 2015 को इस क्षेत्र में पहला बीएसएफ कैंप स्थापित हुआ था, जब यहां नक्सलियों का खौफ चरम पर था। लेकिन आज हालात पूरी तरह बदल चुके हैं और यही वजह है कि अब यहां रात में भी ऐसे बड़े आयोजन संभव हो पा रहे हैं। उन्होंने 12 अप्रैल 2015 को नक्सली मुठभेड़ में शहीद हुए रमेश सोलंकी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि यह टूर्नामेंट उनकी वीरता को समर्पित है।
उद्घाटन के दौरान कमांडेंट राघवेंद्र सिंह खुद मैदान में उतरे और बैटिंग कर खिलाडिय़ों व दर्शकों का उत्साह दोगुना कर दिया। यह नजारा लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बना। उद्घाटन मुकाबला एपिक स्ट्राइकर और नीलेश ब्रदर्स के बीच खेला गया, जिसमें नीलेश ब्रदर्स ने शानदार जीत दर्ज की। पीयूष पावर ने हैट्रिक लेकर मैन ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया।
यहाँ टूर्नामेंट आईपीएल स्टाइल में होगा टूर्नामेंट में प्रथम पुरस्कार 50,000 रू और द्वितीय पुरस्कार रू. 30,000रू है।इस महाकुंभ में कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं। सभी टीमें लीग चरण में 3-3 मैच खेलेंगी, जिसके बाद क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले होंगे। लगभग एक महीने तक चलने वाला यह टूर्नामेंट क्षेत्र में खेल का नया उत्सव बन गया है। जो इलाका कभी बंदूकों की आवाज से गूंजता था, आज वहां बल्ले और तालियों की गूंज सुनाई दे रही है। यह आयोजन न सिर्फ खेल का उत्सव है, बल्कि बदलते बस्तर की मजबूत और सकारात्मक तस्वीर भी पेश करता है। कार्यक्रम में सरपंच सबिता नायक,दिलीप बैरागी, दिलीप बाइन, दीपक राय,बासुदेव फक़़ीर, बीरू,तारक दे,सुजीत माझी,अभिजीत,सहित ग्राम समिति के कई सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
नक्सल गढ़ में बदली तस्वीर बंदूक की जगह बल्ले की गूंज
शहीद रमेश सोलंकी के नाम पर क्रिकेट महाकुंभ का भव्य आगाज



