रायगढ़। रूपाणाधाम स्टील प्लांट में काम करने के दौरान एक बायलर मैन तीन दिन पहले करीब 15 ऊंचाई से गिरकर घायल हो गया था, जिसकी उपचार के दौरान आज सुबह मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। वहीं मुआवजे की मांग को लेकर अड़े रहे, वहीं काफी देर बाद मुआवजा फायनल होने के बाद ही उसके शव का पीएम कराया गया।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार गेरवानी स्थित रूपाणाधाम स्टील प्रायवेट लिमिटेड कंपनी में विगत बुधवार की रात में प्लांट के बायलर क्षेत्र में फायर मेन के पद पर राबो निवासी दीपक चौहान (22वर्ष) काम कर रहा था। तभी अचानक तकरीबन 15 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गया। ऐसे में उसके गिरने की आवाज सुनकर वहां मौजूद अन्य श्रमिक पहुंच कर देखा तो वह खून से लथपथ हालत में पड़ा था, जिससे तत्काल इसकी जानकारी कंपनी के अधिकारियों को दी। जिससे दीपक को गंभीर हालत में फोर्टिस जिंदल अस्पताल ले जाया गया। जहां भर्ती कर उपचार किया जा रहा था। ऐसे में शुक्रवार शाम को उसकी स्थिति ज्यादा नाजूक हो गई, जिससे उसे वेंटिलेटर पर रखा गया था। लेकिन इसके बाद भी तबीयत में सुधार नहीं हुआ और शनिवार को सुबह करीब 9 बजे उसकी मौत हो गई। अस्पताल से भेजी गई तहरीर पर पुलिस मौके पर पहुंची और कागजी कार्रवाई शुरू की।
वहीं दीपक के मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में उसके साथ काम करने वाले श्रमिक पहुंच गए और मुआवजे की मांग को लेकर अड़ गए, ऐसे में पुलिस काफी देर तक समझाईश देती रही, लेकिन उनका कहना था कि जब तक उचित मुआवजा नहीं मिलेगा तब तक लाश नहीं उठेगी, ऐसे में कंपनी प्रबंधन और प्रशासन के साथ आपसी सहमति बनने के बाद मुआवजा फायनल हुआ, उसके बाद शव को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां पुलिस ने मर्ग कायम कर पीएम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया है।
क्या कहते हैं अधिकारी
इस संबंध में औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के उप संचालक राहुल पटेल ने बताया कि जिंदल अस्पताल में उपचार के दौरान दीपक चौहान की शनिवार को सुबह मौत हो गई है। वहीं उसके परिजनेां को 10 लाख रुपए मुआवजा दिया गया है, जिसमें एक लाख रुपए आज नकद दिया गया, साथ ही रविवार को एक लाख रुपए दिया जाएगा, इसके बाद परिजनेां के नाम से 8 लाख का चेक दिया गया है। इसके अलावा उसके परिजनों को ईएसआईसी की तरफ से पेंशन का लाभ दिलाया जाएगा।
प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग- शाखा यादव
जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष शाखा यादव ने जिला प्रशासन से मांग की है कि रुपाणाधाम उद्योग कंपनी में जो श्रमिक की मौत हुई है उसके परिवार को शासन द्वारा निर्धारित मुआवजा राशि का तत्काल भुगतान कराया जाए और रुपाणाधाम कंपनी में हुए हादसे का निष्पक्ष जांच कर कंपनी के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए,अन्यथा जिला कांग्रेस रुपाणाधाम कंपनी का घेराव कर आंदोलन के लिए बाध्य होगा।



