रायगढ़। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 08 इंद्रानगर देवारपारा में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत मनोहर घर से प्रदीप घर तक सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य का भूमिपूजन महापौर जीवर्धन चौहान द्वारा किया गया। इस विकास कार्य की कुल लागत लगभग 12 लाख रुपये निर्धारित की गई है, जिससे क्षेत्र के नागरिकों को आवागमन एवं जल निकासी की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि हमारी राजनीति का मूल उद्देश्य केवल विकास करना है और यह सुनिश्चित करना है कि नगर का कोई भी वार्ड विकास से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि यह विकास कार्य प्रदेश के वित्तमंत्री ओपी चौधरी के मार्गदर्शन एवं विकासोन्मुख सोच का परिणाम है, जिनके नेतृत्व में रायगढ़ में निरंतर जनहितकारी कार्यों को गति मिल रही है। महापौर ने आगे कहा कि इस सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य के पूर्ण होने से क्षेत्र में लंबे समय से बनी सडक़ की खराब स्थिति एवं जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान होगा।
इससे आमजन को आवागमन में सुविधा मिलेगी और स्वच्छता व्यवस्था भी सुदृढ़ होगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम आमजन की सेवा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार विकास कार्यों को आगे बढ़ा रहा है। आने वाले समय में भी इसी तरह के जनहितकारी कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। इस अवसर पर क्षेत्र की पार्षद ज्योति यादव ,एमआईसी के सदस्य पूनम सोलंकी, मुक्तिनाथ बबुआ, अमित शर्मा, पार्षद अन्नु सारथी,भाजपा महिला मोर्चा पूर्व अध्यक्ष शोभा शर्मा एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
इंदिरानगर में सीसी रोड व नाली निर्माण का महापौर चौहान ने किया भूमिपूजन
12 लाख की लागत से होगा विकास कार्य



