खरसिया। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी चिरंजीवी भगवान श्री परशुराम जी का जन्मोत्सव बड़ी ही धूम धाम से मनाने के लिए प्रबुद्धजनों ने एक बैठक का आयोजन श्रीराम जानकी मंदिर में किया। बैठक में भगवान श्री परशुराम जी का जन्मोत्सव मनाने के लिए कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई और युवा ब्राह्मण संघ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अलग अलग जिम्मेदारियां दी गई। जन्मोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ श्री परशुराम चौक पर भगवान श्री परशुराम जी की महाआरती करते हुए प्रसाद वितरित किया जाएगा। भगवान श्री परशुराम जी की शोभायात्रा भव्य रूप से आयोजित करने, विप्र समाज के प्रतिभावान अपने अपने क्षेत्रों और समाज में विशिष्ट योगदान देने वाले सम्मानित हस्तियों का सम्मान करने, दो दिवसीय विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन, के साथ ही महिलाओं को विशेष रूप से सभी कार्यक्रमों में सम्मिलित करने के लिए महिलाओं की एक टीम ब्राह्मण महिला मण्डल के रूप में बनाने का निर्णय लिया गया। सर्व ब्राह्मण समाज को सम्मिलित किए जाने श्री परशुराम चौक की साफ सफाई और सजावट के साथ ही खरसिया नगर में श्री परशुरामजी के बैनर पताका और तोरण सजाए जाएंगे। द्वितीय दिवस विशाल महा भंडारे का आयोजन किया जाएगा। बताते चलें कि भगवान परशुराम, जगत के पालनहार विष्णु जी के छठे अवतार हैं, जिनका जन्मोत्सव (परशुराम जयंती) हर साल वैशाख माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को मनाया जाता है. मान्यता है कि भगवान श्री परशुराम जयंती पर श्री परशुराम जी की पूजा करने से व्यक्ति को साहस, उच्च बुद्धि और असीम शक्तियों की प्राप्ति होती है. जहां कुछ लोग इस दिन पूजा-पाठ करते हैं, वहीं कई लोग शत्रुओं पर विजय, नकारात्मकता ऊर्जा से मुक्ति, संतान सुख व सुख-समृद्धि के लिए व्रत भी रखते हैं।
परशुराम जयंती 2026 में कब मनाई जावेगी
पंचांग के मुताबिक, इस बार 19 अप्रैल 2026 को सुबह 10:49 मिनट पर वैशाख माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि का आरंभ हो रहा है, जो अगले दिन 20 अप्रैल 2026 को सुबह 07:27 मिनट पर समाप्त होगी. उदयातिथि के आधार पर साल 2026 में 19 अप्रैल, वार रविवार को परशुराम जयंती मनाई जाएगी, जिस दिन अक्षय तृतीया भी है.



