रायगढ़। नगर निगम के कार्यों की गुणवत्ता की जांच करने के उद्देश्य से कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय ने वाहन विभाग का औचक निरीक्षण किया, इस दौरान दो ड्राइवर बुधराम एवं दुर्गा शंकर बगैर सूचना के अनुपस्थित पाए गए, जिस पर कमिश्नर ने उन्हें तत्काल सेवा से मुक्त करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही वाहन विभाग की उपस्थिति पंजी, वाहनों की स्थिति और संचालन व्यवस्था का भी जायजा लिया और स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि निगम का वाहन विभाग महत्वपूर्ण विभागों में से एक है। निगम क्षेत्र अंतर्गत संपूर्ण सफाई, कचरा का उठाव व्यवस्था से लेकर मरम्मत कार्य और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं से संबंधित कार्य किए जाते हैं। इसमें ड्राइवर एवं अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी शिफ्ट और रोस्टर अनुसार लगाई जाती है। ऐसे में कर्मचारियों द्वारा लगातार बिना सूचना के अनुपस्थित रहने की सूचना मिल रही थी।
इससे निगम आयुक्त ने अचानक वाहन विभाग के निरीक्षण में पहुंचे और उपस्थिति रजिस्टर की जांच किया तो उसमें दो वाहन चालक बुधराम एवं दुर्गा शंकर अनुपस्थित पाए गए, इस दौरान वाहन विभाग के सुपरवाइजर द्वारा अन्य कुछ कर्मचारियों के अनुपस्थित रहने की जानकारी दी। इसपर कमिश्नर क्षत्रिय ने ऐसे कर्मचारियों को चेतावनी देने एवं अंतिम मौका देते हुए कार्य कराने की बात कही। इसके बाद भी कर्मचारियों द्वारा बिना ठोस कारण के अनुपस्थित रहने पर उन्हें भी सेवा से बर्खास्त करने संबंधित कारवाई करने के निर्देश दिए है।
साथ ही उन्होंने कहा कि निगम क्षेत्र अंतर्गत निवासरत नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना सभी कर्मचारियों की उपस्थिति के साथ उनके दायित्व का निर्वहन ईमानदारी से होना चाहिए, ताकि शिकायत का मौका न मिले। इसके साथ ही अन्य विभागों का भी जांच करते हुए मौजूद अधिकारी-कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, इसके बाद भी अगर कोई बगैर सूचना के अनुपस्थित पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जनगणना कार्यों का लिया जायजा
जनगणना कार्य के लिए सभी सहायक राजस्व निरीक्षकों की ड्यूटी वार्ड वाइज ब्लॉक काटने के लिए लगाई गई है। नगर निगम अंतर्गत 48 प्लस बाह्यवृद्धि 3 वार्ड, जिसमें कलमी, बेंद्राचूआ और बड़े अतरमुड़ा शामिल है। वर्तमान में 48 + 3 वार्ड कुल 51 वार्ड में लगभग 2 लाख 50 हजार जनसंख्या निवासरत हैं। इसमें प्रत्येक वार्ड में 700 से 800 जनसंख्या अंतर्गत वार्ड के एक ब्लॉक तय किया जाना है। इसके लिए सभी वार्ड प्रभारी को उनके संबंधित वार्डों के ब्लॉक काटने के कार्य दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान कमिश्नर क्षत्रिय ने गूगल मैप के माध्यम से ब्लॉक की स्थिति एवं संख्या का जायजा लिया। साथ ही ड्यूटी कर रहे सभी वार्ड प्रभारी को उनके वार्डो की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए गंभीरता से ब्लॉक काटने के निर्देश दिए हैं।
जांच में अनुपस्थित मिले दो कर्मचारी सेवा से बर्खास्त
कमिश्नर ने नगर निगम के विभागों का किया औचक निरीक्षण



