रायगढ़। शौच के लिए घर के पीछे जा रही नाबालिग को डरा-धमकाकर युवक ने उसके साथ रेप किया और फरार हो गया। बाद में बालिका के बालिग होने पर आरोपी उसे शादी का प्रलोभन देकर घर से भगा ले गया। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी। अब पुलिस ने आरोपी को तमिलनाडु से गिरफ्तार किया है।
मामला कोतरारोड थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, 26 जनवरी को 17 साल 6 महीने की बालिका ने परिजनों के साथ कोतरारोड थाने पहुंचकर विजय सिदार (20) के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि विजय उसे मोबाइल पर कॉल कर परेशान करता था। स्कूल आने-जाने के दौरान भी उसका पीछा करता था। पीडि़ता ने बताया कि 26 जनवरी को वह घर के पीछे शौच के लिए जा रही थी। इसी दौरान विजय वहां पहुंचा और उसे डरा-धमकाकर जबरदस्ती उसके साथ रेप किया। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 64 बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना के बाद से विजय सिदार फरार था। कोतरारोड पुलिस ने उसकी तलाश की, लेकिन वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। पॉक्सो एक्ट के मामले में तय समय सीमा को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ फरारी में चालान तैयार कर मार्च 2026 में न्यायालय में पेश किया। इसके बाद (पॉक्सो एक्ट), रायगढ़ की अदालत से आरोपी विजय सिदार के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया।
इधर, बालिका के बालिग होने के बाद 17 सितंबर को वह घर से बिना बताए कहीं चली गई। परिजनों ने 18 सितंबर को थाने में उसके गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने गुम इंसान दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने युवती के परिजनों और सहेलियों से पूछताछ की। इस दौरान उन्होंने विजय सिदार पर संदेह जताया। संदेही का लोकेशन जम्मू में मिलने पर पुलिस टीम तत्काल वहां रवाना हुई। स्थानीय पुलिस की मदद से उसकी तलाश की गई, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। इसके बाद पुलिस ने संदेही पर मुखबिर तंत्र के जरिए नजर रखी। उसके संपर्क में रहने वाले लोगों से लगातार जानकारी जुटाई गई। इसी दौरान पता चला कि वह तमिलनाडु के तिरुपुर जिले में कपड़ा कारखाने में काम कर रहा है। पुलिस टीम तमिलनाडु रवाना हुई और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। युवती को भी बरामद किया गया। युवती से पूछताछ में उसने बताया कि आरोपी शादी का प्रलोभन देकर उसे अपने साथ ले गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घर के पीछे किशोरी से दुष्कर्म, बालिग होने पर ले भगा, पुलिस ने तमिलनाडू से किया गिरफ्तार



