रायगढ़। नगर निगम क्षेत्र में जारी विकास कार्यों की निगरानी के तहत महापौर जीवर्धन चौहान ने वार्ड क्रमांक 32 एवं 34 फटहामुड़ा क्षेत्र का दौरा कर निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीसी रोड निर्माण एवं तालाब सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान महापौर श्री चौहान फटहामुड़ा अंबेडकर नगर रोड पहुंचे, जहां लगभग 4.5 लाख रुपये की लागत से बन रही सीसी रोड का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदार को निर्माण कार्य पूरी पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुरूप करने निर्देशित किया। इसके बाद महापौर जीवर्धन ने फतटहामुड़ा तालाब में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने आम नागरिकों को जल्द ही बेहतर सुविधाएं मिल सके इसके लिए कार्य में तेजी लाने और समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। महापौर श्री चौहान ने कहा कि राज्य के वित्तमंत्री ओपी चौधरी की मंशा के अनुरूप नगर निगम द्वारा शहर के सभी 48 वार्डों में तेजी से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। प्रत्येक वार्ड में टिकाऊ एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। तालाबों का सौंदर्यीकरण शहर की सुंदरता बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाता है। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की अनुशंसा करने की चेतावनी दी। निरीक्षण के दौरान कार्य से संबंधित ठेकेदार एवं इंजीनियर उपस्थित थे।
तालाब व सौंदर्यीकरण का महापौर ने किया निरीक्षण
सीसी रोड और तालाब सौंदर्यीकरण कार्यों में गुणवत्ता व समयसीमा को लेकर दिए निर्देश, जूटमिल क्षेत्र के फटहामुड़ा तालाब का किया मुआयना



