रायगढ़। महाशिवरात्रि का पर्व 15 फरवरी को मनाया जाएगा। इसके लिए शिवालयों में तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। मंदिरों को रंग-रोगन कर सजाया-संवारा जा रहा है। सतीगुड़ी चौक स्थित भरतकूप मंदिर में महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दिन सुबह से ही पूजा-अर्चना व जलाभिषेक का दौर शुरू हो जाएगा। दिनभर भजन-कीर्तन सहित अन्य धार्मिक अनुष्ठान होंगे।
भरतकूप मंदिर के पुजारी पं. कमल शर्मा ने बताया कि हिंदू पंचांग के अनुसार, हर साल फाल्गुन मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को यह पर्व मनाया जाता है। इस साल यह 15 फरवरी को पड़ रहा है। शहर के मध्य सतीगुड़ी चौक स्थित भरतकूप मंदिर में भैया भरत व हनुमानजी के साथ शिव परिवार की प्रतिमा स्थापित हैं, जहां बारहों माह पूजा-अर्चना करने के लिए लोगों का आना-जाना लगता रहता है। सावन मास व महाशिवरात्रि पर यहां भक्तों की संख्या बढ़ जाती है। इस मंदिर में महाशिवरात्रि के साथ हनुमान जन्मोत्सव सहित अन्य विशिष्ट तिथियों पर विशेष अनुष्ठान आयोजित किए जाते हैं, जिसमें पूरे शहर के लोगों की भागीदारी रहती है। इस बार भी मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व श्रद्धा भक्ति के साथ धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दिन मंदिर में सुबह विशेष पूजा-अर्चना के साथ अन्य अनुष्ठान प्रारंभ हो जाएंगे। दिनभर भजन-कीर्तन किया जाएगा। मंदिर में इसकी तैयारियां जोर-शोर से की जा रही है।
नए स्वरूप में नजर आ रहा भरतकूप शिव मंदिर
अब भरतकूप शिव मंदिर नए स्वरूप में नजर आएगा। इस मंदिर की विशेषता व शहरवासियों की मान्यता व श्रद्धा को देखते हुए रायगढ़ विधायक व वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने भरतकूप व मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण के लिए करीब 20 लाख.54 हजार स्वीकृत किए थे। इस राशि से मंदिर का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। इसके तहत कूप की सफाई कराकर नए वाईट मार्बल, ग्रिल व लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है, जिससे मंदिर नए स्वरूप में काफी आकर्षक लग रहा है।



