पखांजूर। परलकोट क्षेत्र में युवाओं को नशे की दलदल से बचाने के लिए पुलिस ने एक और ठोस कदम उठाया है। जिले में चल रहे ‘ऑपरेशन संकल्प’ के तहत पखांजूर पुलिस ने स्कूल खेल मैदान के पास नशीली दवाओं की अवैध बिक्री पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ग्राम उजाला पीव्ही-02 निवासी प्रकाश बैरागी (36 वर्ष) को गिरफ्तार किया है, जो हाई स्कूल खेल मैदान के समीप प्रतिबंधित नशीली दवाओं की सप्लाई कर रहा था। आरोपी के कब्जे से 19 स्ट्रिप में कुल 282 ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड टैबलेट तथा बिक्री से प्राप्त 1000 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास मौजूद नायलॉन थैले की तलाशी लेने पर अल्ट्रासाईन कंपनी की ट्रामाडोल इाईड्रोक्लोराईड एण्ड पैरासिटामोल नामक प्रतिबंधित दवाएं मिलीं। स्कूल और खेल मैदान जैसे संवेदनशील क्षेत्र के आसपास नशीली दवाओं की बिक्री को पुलिस ने बेहद गंभीर मानते हुए तत्काल कार्रवाई की। इस मामले में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया गया कि यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत की गई। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण केवट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में युवाओं तक नशीली दवाओं की पहुंच पर प्रभावी रोक लगी है और भविष्य में भी नशे के कारोबार से जुड़े लोगों पर सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
नशे का सौदा करते सप्लायर पर पुलिस का शिकंजा
282 प्रतिबंधित टैबलेट जब्त, शिक्षा के आंगन में नशे की एंट्री नाकाम



