रायगढ़। जिले में एक पति ने टांगी के बेट से अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने उसे तोलगे के जंगल से गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम तोलगे में रहने वाले अमासो अगरिया (30) की उसके पति आलाप अगरिया (32) ने पारिवारिक विवाद के दौरान टांगी के बेट से मारकर हत्या कर दी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस को पता चला कि हत्या के बाद आरोपी जंगल में छिपा हुआ है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने मुखबिर भी लगाए थे। गुरुवार को मुखबिर से खबर मिली कि आरोपी तोलगे के जंगल में देखा गया है। पुलिस ने टीम के साथ जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया और आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि रविवार रात पारिवारिक विवाद के दौरान उसने टांगी के बेट से अपनी पत्नी की हत्या की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पत्नीहंता पति गिरफ्तार, तोलगे के जंगल में छिपा था आरोपी



