जशपुर। जिले में बीते 24 घंटे के दौरान हुए दो अलग-अलग सडक़ हादसों में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। पहली दुर्घटना में बाइक सडक़ किनारे पिलर से टकराई, जबकि दूसरी में बाइक खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। हादसों के बाद जिला अस्पताल में भी हंगामा हुआ। ड्यूटी पर तैनात एक वार्ड बॉय पर नशे की हालत में काम करने का आरोप लगा। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने उसे बर्खास्त कर दिया।
पहली दुर्घटना शुक्रवार शाम करीब 4.30 बजे आटापाट में हुई। कोतवाली प्रभारी मोरध्वज देशमुख के अनुसार, सरगुजा के सीतापुर निवासी अनिश यादव (17) रक्षाबंधन मनाने दोस्त शिवम यादव के घर इचकेला आया था। इसके बाद वह शिवम और शशिकांत के साथ बाइक से करीब 15 किलोमीटर दूर पर्यटन स्थल देशदेखा जा रहे थे। आटापाट के पास बाइक अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे लगे पिलर से टकरा गई। हादसे में अनिश और शिवम के सिर व सीने में गंभीर चोटें आईं, जबकि शशिकांत को मामूली चोट लगी। तीनों को संजीवनी एंबुलेंस से राजा देवशरण जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने अनिश यादव को मृत घोषित कर दिया। शिवम की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया।
खड़े ट्रक में जा घुसी बाइक
दूसरा हादसा शुक्रवार रात करीब 8.30 बजे कटनी-गुमला राष्ट्रीय राजमार्ग के डोडक़ाचैरा में हुआ। कदमटोली निवासी 22 वर्षीय निलेश तेंदुआ बाइक क्रमांक सीजी-14 एमव्ही 9399 से डोडक़ाचैरा की ओर जा रहा था। तेज रफ्तार बाइक सडक़ किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि निलेश का हेलमेट सिर से निकलकर दूर जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
अस्पताल में नशे में ड्यूटी का आरोप
डोडक़ाचैरा हादसे की जानकारी के बाद बड़ी संख्या में लोग जिला अस्पताल पहुंचे। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात एक वार्ड बॉय पर नशे की हालत में घायलों की मरहम-पट्टी करने का आरोप लगाते हुए लोगों ने हंगामा किया। इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जांच कराई। जांच के बाद सीएमएचओ जीएस जात्रा ने संबंधित वार्ड बॉय को बर्खास्त कर दिया। दोनों सडक़ हादसों में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटनाओं के कारणों और अन्य परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है।



