पत्थलगांव। थाना क्षेत्र के ग्राम तमता घुटरापारा में एक नवविवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान लक्ष्मी बाई पति शिवप्रसाद यादव (उम्र 23 वर्ष) निवासी चट्टानपारा साजापानी, थाना कांसाबेल के रूप में हुई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी बाई की शादी 29-30 जून 2025 को ग्राम चट्टानपारा साजापानी निवासी शिवप्रसाद यादव से सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद की स्थिति बनी रहती थी। बताया गया कि पति द्वारा मोबाइल पर बातचीत को लेकर शक जताने से घर में अक्सर कलह होती थी।घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक, मृतका के पिता 05 अक्टूबर 2025 को अपनी बेटी को ससुराल से मायके तमता लेकर आए थे। वह यहीं पर रह रही थी। 06 अक्टूबर की दोपहर करीब 12 बजे पिता पूजा-पाठ में शामिल होने रिश्तेदार के घर चले गए थे। इसी दौरान शाम करीब 4 बजे पति शिवप्रसाद उसे लेने तमता पहुंचा। उस समय घर में कोई नहीं था। कुछ देर बाद मां सुमित्रा बाई ने जब बेटी को आवाज दी तो कोई जवाब नहीं मिला। अंदर कमरे में जाकर देखा तो लक्ष्मी बाई फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली। सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस मौके पर पहुंची, मर्ग कायम कर जांच पंचनामा की कार्यवाही प्रारंभ की गई है। फिलहाल पुलिस घटनास्थल की परिस्थितियों और पति-पत्नी के विवाद के पहलुओं की जांच कर रही है। घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं नवविवाहिता की मौत के पीछे के कारणों को लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई है।