जशपुर। जिले में शराब के नशे में हुए विवाद के बाद पहाड़ी कोरवा समुदाय के एक युवक की हत्या कर दी गई। युवक लकड़ी बेचने आया था। इसी दौरान उसकी किसी बात को लेकर पिता-पुत्र के साथ बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि पिता ने युवक के सिर पर पत्थर मारा। इसके बाद युवक जमीन पर गिर पड़ा। तभी बेटे ने भी पत्थर से उसके सिर पर दो-तीन बार वार किया। युवक के सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान कंदरई, बलादरपाठ के भगुआ राम (30) के रूप में हुई है। पूरी घटना पंचायत भवन के सामने लगे सीसी टीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। यह मामला सन्ना थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को भगुआ राम लकड़ी बेचने के लिए सन्ना आया था। शाम को वह पंचायत भवन की ओर जा रहा था, तभी पिता-पुत्र उसके पास पहुंचे। सभी शराब के नशे में थे। इसी दौरान उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद के दौरान भगुआ राम ने डंडे से आरोपियों को डराने की कोशिश की। इसी बीच एक आरोपी ने पत्थर उठाकर उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। भगुआ राम के गिरने के बाद दूसरे आरोपी ने भी उसके सिर पर पत्थर से दो-तीन बार वार किया। हमले में भगुआ राम गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो दोनों आरोपी वहां से भाग गए। इसके बाद परिजन और ग्रामीण उसे सन्ना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हत्या की यह पूरी घटना सन्ना ग्राम पंचायत भवन में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
पहाड़ी कोरवा समुदाय के कुछ लोग लकड़ी बेचने के लिए आए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। पिता-पुत्र ने भगुआ राम पर पत्थर व डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।
दिलीप कुमार कोसले, एसडीओपी, बगीचा
पहाड़ी कोरवा युवक की पीट-पीटकर मार डाला
लकड़ी बेचने आया था युवक, पिता-पुत्र हिरासत में



