रायगढ़। हिंदू धर्म में सावन महीना को अत्यंत ही पवित्र माना गया है। यह महीना भगवान शिव जी को अत्यंत ही प्रिय है। मान्यता है कि जो भक्तगण पवित्र मन से पूरे सावन माह तक विधि विधान से भगवान भोलेनाथ जी की पूजा – अर्चना पवित्र मन से करते हैं और उनको जलाभिषेक कर रुद्राभिषेक करते हैं उनकी सभी मनोकामनाएं देवों के देव महादेव अवश्य पूरी करते हैं। यही कारण है कि सावन महीना और सोमवार का दिन बाबा के भक्तों के लिए विशेष माना जाता है। आज सावन महीना का पहला सोमवार था और शहर के सभी शिवालयों में सुबह से रात तक भगवान भोलेनाथ जी की विशेष पूजा श्रद्धालुओं ने की और श्रद्धा के पुष्प व भोग अर्पित कर उन्होंने महादेव जी को नमन् किया।
श्रद्धा का पहला जलाभिषेक
सावन का पहला सोमवार होने से श्रद्धालुओं की खुशी देखते ही बनी वे सुबह स्नान से निवृत होकर जल लेकर भगवान शिव के मंदिर पहुँचे और जलाभिषेक कर उनके प्रति फूल, फल विल्व पत्र, पंचामृत से विधिवत पूजा की। शहर के गौरीशंकर मंदिर, निकले महादेव मंदिर, पहाड़ मंदिर, पंडरीपानी महालक्ष्मी मंदिर, कोसमनारा बाबा सत्यनारायण धाम में श्रद्धालुओं का रेला सुबह से रात तक दर्शन – पूजन के लिए लगा रहा व समूचा अंचल बाबा भोलेनाथ जी के पवित्र मंत्र बम – बम भोले और ऊँ नम: शिवाय के महामंत्र से गुंजायमान हो गया।
रुद्राभिषेक का आयोजन
सावन माह के सोमवार दिन का विशेष महत्व है और इस दिन भक्तगण अपनी मनोरथ पूरी करने कठिन व्रत नियमों का पालन करते हुए सुयोग्य पंडितों के सानिध्य में मंदिर व घर में रुद्राभिषेक का आयोजन करते हैं। आज पावन सावन माह के सोमवार दिन को भगवान भोलेनाथ जी के भक्तों ने पहला सावन सोम महापर्व की खुशी में अपने घर व शिवालयों में रुद्राभिषेक यज्ञ का आयोजन भी श्रद्धा से किया।
महाभंडारा व भजन कीर्तन
आज सावन माह का पहला सोमवार होने से बाबा महाकाल के भक्तों ने खुशी से पूजा अर्चना के पश्चात दोपहर में अनेक स्थानों में महाभंडारा का आयोजन किया जहाँ भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य के भागी बने। इसी तरह श्रद्धालुओं ने शाम को शिवालय व अपने घर में भजन कीर्तन का भी आयोजन किया। जिसका उन्होंने हृदय से आनंद लिया। वहीं आज पहला सावन सोमवार होने से शहर के शिवालयों में श्रद्धालुओं की उपस्थिति होने से रौनक रही
सोमवार को पूजा का खास महत्व
गौरीशंकर मंदिर के पुजारी स्वामी शर्मा ने बताया कि सावन में हर दिन पूजा का महत्व होता है, लेकिन सोमवार का खास महत्व है। हिंदू शास्त्रों के अनुसार, सोमवार को भगवान शिव की पूजा करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है। सुबह से ही मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए और पूरे विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा की जा रही है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि सावन में शिव पूजा करने से भगवान प्रसन्न होते हैं और मनोकामनाएं पूरी करते हैं।
बेलादुला भोले मंदिर में श्रद्धा का सैलाब

बेलादुला स्थित प्राचीन भोले मंदिर में श्रावण सोमवार के पावन अवसर पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं की लंबी कतारें देखी गईं। मंदिर के पुजारी पंडित सोनू मिश्रा एवं निरंजन मिश्रा द्वारा विधिविधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर दिनभर भोग वितरण भी किया गया।