रायगढ़। प्रदेश वासियों को छत्तीसगढ़ की संस्कृति एवम परंपरा के प्रतीक पोरा तिहार की बधाई देते हुए प्रदेश भाजपा महामंत्री ओपी चौधरी ने इस त्योहार के पावन अवसर पर खेती किसानी से जुड़े सभी भाई बहनों सहित प्रदेश वासियों के उन्नति सुख शांति समृद्धि की कामना की है। इस पर्व के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा भाद्रपद मास की अमावस्या तिथि को मनाया जाने वाला यह पोला त्योहार, खरीफ फसल के द्वितीय चरण का कार्य निंदाई गुड़ाई का कार्य पूरा हो जाने पर मनाया जाता है। फसलों के बढऩे की खुशी में किसानों द्वारा आदर भाव से खेती में सहयोग करने वाले बैलों की पूजा की जाती है।छत्तीसगढ़ के किसान आने वाली पीढ़ी को खेती किसानी में बैलों के योगदान एवम महत्व को रेखांकित करने के लिए यह पर्व धूम धाम से मानते है। इस दिन महिलाए घर में भोग हेतु व्यंजनों में, चील, सोहारी, बरा,ठेठरी और खुरमी, भजिया भी बनाती हैं। मिट्टी के बैल व मिट्टी के छोटे बर्तन रख कर पूजा के दौरान घर में बनाए गए व्यंजन ठेठरी, खुरमी से बैलों को भोग लगाया जाता है। भाजपा नेता ओपी चौधरी ने कहा छत्तीशगढ़ की संस्कृति पोरा त्योहार को प्रदेश की पुरातन विरासत बताया।