जशपुर। जिले में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। महिला अपने घर में अकेली रहती थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की है। मामला पत्थलगांव थाना क्षेत्र के फूलेता चौक का है।
बुजुर्ग महिला की पहचान शांति बाई यादव के रूप में हुई है। जो कि चना-मुर्रा बेचकर अपना जीवन यापन करती थीं। हत्या का खुलासा तब हुआ जब मृतिका का भतीजा उन्हें एक शादी समारोह में ले जाने के लिए उनके घर पहुंचा। घर के अंदर जाने पर उसने अपनी बुआ को जमीन पर खून से लथपथ पाया। उसने तत्काल आसपास के लोगों और फिर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और बारीकी से मुआयना किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वाड को भी मौके पर बुलाया है, जो आसपास के इलाके में सुराग तलाशने में जुटी है। पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल, हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अज्ञात आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है।
रिपोर्ट के बाद कई पहलुओं पर होगा खुलासा
एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश जयसवाल ने बताया कि फूलेता चौक में एक बुजुर्ग महिला की हत्या की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची और आसपास के क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से हमला कर महिला की हत्या की है। मामले में मर्ग कायम किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद घटना से जुड़े कई अहम पहलुओं पर स्पष्टता आने की संभावना है। घटना की जांच के लिए डॉग स्क्वाड की मदद ली जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। घटनास्थल के आसपास मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। जल्द ही आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।



