रायगढ़। नगर निगम ने ‘मोर मकान मोर आस’ के तहत चंद्रनगर में लोगों को मकान आबंटित किया। चार ब्लॉक में करीब 120 मकान हैं और सभी ब्लॉक में हितग्राही रह रहे हैं, लेकिन पीछे के दो ब्लॉक डी और सी में पानी की समस्या बनी हुई है। यहां रहने वाले लोगों का कहना है कि पिछले करीब चार साल से पानी को लेकर परेशानी बनी हुई है। पानी सप्लाई में प्रेशर नहीं होने से पानी उपर के दो-तीन मंजिल तक नहीं चढ़ रही है। जिसके कारण उन दोनों ब्लॉक में रहने वाले कई लोगों को नीचे लगे बोर के नल से पानी लेना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि सुबह शाम करीब दो घंटे के लिए बोर खोला जाता है, लेकिन उतने में पानी की पूर्ति नहीं हो पाती है।
अधिकारियों को भी दी गई जानकारी
लोगों का कहना है कि नगर निगम के अधिकारियों को भी पानी की समस्या से अवगत कराया गया है। ऐसे में करीब 15 दिन पहले निगम के कुछ कर्मचारी आए थे और जिन घरों में पानी की समस्या है। वहां के नल और पानी सप्लाई संबंधित फोटो और वीडियो बनाकर ले गए थे, पर उसके बाद दोबारा झांकने नहीं आए और अब तक उनकी समस्या का निराकरण नहीं हुआ।
कोई कुछ नहीं कर रहा
चंद्रनगर में रहने वाली बुधनी ने बताया कि वह दूसरी मंजिल में रहती है और उसे पानी के लिए नीचे उतरना पड़ता है। काफी परेशानी यहां बनी हुई है और कोई कुछ नहीं कर रहा है। बहुत दिन से पानी को लेकर यहां रहने वाले लोग परेशान हैं। वहीं उमाराज का कहना है कि पानी के लिए लोग किसी तरह समाधान निकालते हैं, पानी मिल पाता है। यहां लगे पुराने पाइप को भी निकालकर अच्छे से पाइप लगाना चाहिए। हर किसी को पानी की जरूरत है।
पानी सप्लाई हर दिन हो रही
नगर निगम के जल प्रभारी सूरज देवांगन ने बताया कि चंद्रनगर में पानी को लेकर कोई समस्या नहीं है। वहां बोरवेल है और हर दिन उसे चलाया जाता है। वहीं का कर्मचारी उसे चालू और बंद करता है, जिसे निगम द्वारा निर्धारित मानदेय दिया जाता है। ऊपरी मंजिल में भी पानी सप्लाई हो रहा है।
मोर मकान-मोर आस…पानी की समस्या से रहवासी परेशान
ऊपरी माले तक नहीं पहुंच रहा पानी, कोई नहीं ले रहा सुध
