रायगढ़। शहर में स्वाइन फ्लू का दूसरा मामला सामने आया है। इससे पहले डिलीवरी के लिए अस्पताल पहुंची एक महिला की रिपोर्ट स्वाइन फ्लू पॉजिटिव आई थी। अब एक पुरुष की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद पुरुष को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों मरीजों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की हालत सामान्य है।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्र की एक गर्भवती महिला डिलीवरी के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंची थी। डिलीवरी के बाद भी उसकी तबीयत में सुधार नहीं हुआ। महिला में स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर डॉक्टरों ने उसका सैंपल जांच के लिए भेजा। 8 सितंबर को महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद महिला और उसके नवजात बच्चे को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया। महिला का इलाज शुरू कर दिया गया है। वहीं, दूसरा मामला दो दिन पहले सामने आया। 46 वर्षीय एक व्यक्ति सर्दी-खांसी की शिकायत लेकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचा था। डॉक्टरों ने स्वाइन फ्लू की आशंका पर उसकी भी जांच कराई। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। अस्पताल में दोनों मरीजों का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, फिलहाल दोनों की स्थिति सामान्य है। जिले में स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क है। मरीजों की समय पर पहचान, जांच और इलाज के लिए सभी स्वास्थ्य केंद्रों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं। जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में स्वाइन फ्लू के मरीजों के लिए अलग-अलग 10-10 बिस्तरों की व्यवस्था की गई है।
त्वरित जांच और उपचार के निर्देश
जिले में स्वाइन फ्लू की रोकथाम एवं उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा की गई व्यवस्थाओं की कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से जिले में स्वाइन फ्लू की स्थिति, जांच एवं उपचार व्यवस्था तथा स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। कलेक्टर ने राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संदिग्ध मामलों की त्वरित जांच और समय पर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



