खरसिया। सनातन धर्म में भगवान श्री परशुराम जी का अवतरण दिवस बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है। इसी दिन अक्षय तृतीया भी मनाई जाती है और यह शुभ दिन भगवान श्री परशुराम के जन्म का प्रतीक है। उन्हें श्री हरि का छठा अवतार माना जाता है। हालांकि भगवान श्री परशुराम एक ब्राह्मण थे, जिनमें क्षत्रियों के गुण थे। यह भी माना जाता है कि श्री परशुराम अष्ट चिंरंजीवी में से एक हैं और आज भी पृथ्वी पर रहते हुए महेंद्र गिरी पर्वत पर तपस्या रत हैं। जानकारी के लिए बता दें, भारत के कई पश्चिमी तट पर श्री परशुराम जी के मंदिर स्थित हैं। भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को मनाया जाता है। इस बार यह 10 मई, 2024 को विश्व भर में मनाया जा रहा है। वहीं खरसिया में भी भगवान श्री परशुराम जी का जन्मोत्सव प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी धूमधाम एवं भक्तिमय वातावरण में मनाया गया श्री परशुराम चौक में प्रतिष्ठित भगवान श्री परशुराम जी की विशाल प्रतिमा का फूलों से श्रृंगार किया गया तथा प्रतिमा स्थल को रंग बिरंगी झालरों एवं फूलों से सजाया गया भगवान श्री परशुराम जी की भव्य आरती प्रात: 10:00 बजे सभी विप्र प्रबुद्ध जनों की उपस्थिति में की गई तत्पश्चात विशाल सार्वजनिक प्रसाद रूपी भंडारे का आयोजन श्री परशुराम सेवा समिति एवं ब्राह्मण युवा मंच द्वारा किया गया जिसमें सभी समाज के लोगों ने भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान श्री परशुराम जी के प्रसाद रूपी भंडारे को ग्रहण कर अपना जीवन सफल बनाया भंडारे के पश्चात ठंडे शरबत का वितरण सर्वजन के लिए किया गया समस्त आयोजन में खरसिया क्षेत्र के सभी विप्र जनों की उपस्थिति रही। बताते चलें कि भगवान श्री परशुराम का जन्मोत्सव हिंदुओं के बीच एक बड़ा धार्मिक महत्व रखता है, क्योंकि यह दिन भगवान श्री परशुराम के जन्म का प्रतीक है। परशुराम जी का जन्म तृतीया तिथि को प्रदोष काल में हुआ था। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, उनका जन्म अधर्मी, पापी और क्रूर राजाओं का नाश करने के लिए हुआ था। ऐसा कहा जाता है कि उन्होंने पृथ्वी से 21 बार क्षत्रियों का विनाश भी किया था।
संध्याकाल निकाली गई भव्य एवं विशाल शोभायात्रा
प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव बड़ी धूमधाम से सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा मनाया गया 10 मई वार शुक्रवार को निर्माणाधीन श्री परशुराम भवन से शाम 5:00 बजे भगवान श्री परशुराम जी की आरती पश्चात भव्य शोभायात्रा निकाली गई जिसमें सर्व ब्राह्मण समाज विप्र बंधु युवक-युवती एवं बच्चों सहित प्रबुद्ध जन उत्साह और उमंग से शामिल हुए तथा भजन गाते हुए भगवान श्री परशुराम जी के जयकारे लगाते हुए संपूर्ण खरसिया नगर को भक्ति मय बना दिया। 11 मई वार शनिवार को रात 8 बजे से विशाल प्रसाद रूपी भंडारे का आयोजन किया जाएगा। अत: सभी विप्र बंधुओ से निवेदन है कि सामाजिक एकजुटता का परिचय देते हुए ज्यादा से ज्यादा संख्या में भगवान श्री परशुराम जी का भंडारा प्रसाद ग्रहण कर पुण्य के भागी बने। खरसिया नगर के पुरानी बस्ती में भगवान श्री परशुराम जी का जन्मोत्सव सर्व ब्राह्मण सेवा समिति के द्वारा सर्व ब्राह्मण की उपस्थिति में भगवान श्री परशुराम जी की आरती पश्चात खिचड़ी रूपी प्रसाद भंडारे का आयोजन कर मनाया गया।
खरसिया में भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर हुआ भंडारे का आयोजन
