जांजगीर-चांपा। लोकसभा चुनाव-2024 से पहले जांजगीर-चांपा एवं सक्ती जिले के विभिन्न पार्टियों के कई नेताओं ने दल-बदल कर ली है। इनमें ज्यादातर ने भाजपा का दामन थाम लिया है। खास बात यह है कि देशभर में जहां विपक्षी गठबंधन के नेता एक मंच पर दिख रहे हैं तो वहीं इन दोनों जिलों में कांग्रेस, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) (जकांछ), आम आदमी पार्टी (आप), बहुजन समाज पार्टी (बसपा) समेत अन्य दलों के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भाजपा में शरण ले ली है।
भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों का कहना है कि ज्यादातर नेताओं ने नरेन्द्र मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा का दामन थामा है। वहीं कांग्रेस इसे दूसरे चश्मे से देख रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि दूसरे दल के नेताओं का भाजपा में प्रवेश के बाद भाजपा के जन्मजात कार्यकर्ताओं में निराशा है। उन्होंने इंटरनेट मीडिया एक कार्टून साझा करके भाजपा पर तंज कसा है। दूसरी ओर, तीन महीने के भीतर ही कांग्रेस के कई दिग्गज नेता और कार्यकर्ता पार्टी छोडक़र भाजपा में शामिल हो गए हैं। अकलतरा से पूर्व कांग्रेस विधायक चुन्नीलाल साहू नौ मार्च को भाजपा में शामिल हुए। वहीं आम आदमी पार्टी से पूर्व प्रत्याशी रहे आनंद प्रकाश मिरी सहित कई नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की तो 18 मार्च को बहुजन समाज पार्टी के पूर्व विधायक केशव चंद्रा भाजपा में शामिल हो गए। जबकि, 4 अप्रैल 2024 को कांग्रेस के पूर्व संयुक्त महासचिव इजी. रवि पाण्डेय ने अपने सैकड़ों सहयोगियों के साथ भाजपा का दामन थामा है। बहरहाल, कांग्रेस सहित अन्य कई पार्टियों से नेताओं का भाजपा में आने का क्रम लगातार जारी है। माना जा रहा है कि आगामी दिनों में कांग्रेस के कई और वरिष्ठ नेता भी भाजपा में शामिल हो सकते हैं।
बागियों को भा रही भाजपा, कांग्रेस, आप, बसपा, जकांछ के कई नेताओं ने थामा दामन
आगामी दिनों में कांग्रेस के कई और वरिष्ठ नेताओं के भाजपा में शामिल होने की संभावना
