रायगढ़। बीती रात सगाई कार्यक्रम से लौट रहे ग्रामीणों से भरी पिकअप का ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित होकर पलट गई, इससे चार लोगों की मौत हो गई तो वहीं 21 लोग घायल हो गए, इन घायलों में कई की स्थिति गंभीर हैं। वहीं दूसरी घटना में ट्रेलर की चपेट में आने से एक श्रमिक की मौत हुई है। साथ ही तीसरी घटना में बाइक से गिरकर एक युवक की मौत हो गई तो वहीं उसके दो दोस्त गंभीर है, जिनका उपचार जारी है। इन सभी मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार छाल थाना क्षेत्र के ग्राम बंगरसुता निवासी राठिया परिवार अपने रिश्तेदारों के साथ बुधवार को कापू थाना क्षेत्र के ग्राम गोसाईडीह सगाई कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। जहां रणविजय राठिया के घर पहुंचने के बाद पूरे दिन सगाई कार्यक्रम के बाद खाना खाकर शाम करीब 5.30 बजे एक पिकपअप में करीब 25 लोग सवार होकर वापस आने गांव आने के लिए निकले थे, वहीं पिकअप के फिछे एक बुलेरो व कुछ बाइक चालक भी चल रहे थे। इस दौरान शाम करीब सात बजे के अपास जब पिकअप वाहन मड़वाताल-जमरगा गांव के पास पहुंचा तो पिकअप का ब्रेक फेल हो गया, इस दौरान वाहन की गति काफी तेज थी, इससे चालक वाहन को संभाल नहीं पाया और घाटी के पास पिकअप अनियंत्रित होकर नीचे खाई में गिर गई। हादसे के बाद वहां चीख-पुकार मच गई। तभी उसके पीेछे आ रहे बुलेरो व बाइक सवारों ने देखा कि उनकी पिकअप पलट गई तो उनके द्वारा वाहन को रोककर तत्काल कापू पुलिस को सूचना दिया और पिकअप में सवार घायलों के बचाव कार्य में जुट गए। तभी पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए कापू अस्पताल पहुंचा गया। इस दौरान डाक्टरों ने प्राथमिक जांच में ही दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, इसके बाद 12 लोगों की स्थिति गंभीर होने पर रायगढ़ मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान दो और ग्रामीणों ने दम तोड़ दिया। वहीं दो लोगों की स्थिति गंभीर होने पर रायपुर रेफर किया गया है, बाकी 8 लोगों को भर्ती कर उपचार किया जा रहा है, लेकिन इन घायलों की भी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
गांव में मातम का माहौल
मेडिकल कालेज अस्पताल पहुंचे मृतकों के परिजनों का कहना था कि जहां बुधवार को बंगरसुता गांव में सगाई लो लेकर खुशी का माहौल था, इससे रिश्तेदारेां के साथ पूरे गांव के लोग इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गए थे, लेकिन इस हादसे खुशियों को मातम में बदल दिया है। इससे गांव के कई घरों में लाश पहुंचने से पूरे गांव में शोक का माहौल बन गया है। वहीं बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन और उसका चालक भी गांव का ही था, इससे जाते समय वाहन पूरी तरह से सही था, लेकिन अचानक ब्रेक फेल होने से यह हादसा हो गया।
इनकी हुई मौत
इस संबंध में परिजनों ने बताया कि पिकअप घाटी जब घाटी में पहुंचा तो उसकी स्पीड़ काफी तेज थी, इससे मोड़ पर जब चालक ने ब्रेक लगाया तो नहीं लगा, इससे उसने शोर मचाते हुए कहा कि ब्रेक फेल हो गया है सभी लोग संभल जाओ, लेकिन कुछ ही मिनट में वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे बंगुरसुता निवासी कालाराम राठिया पिता वृजराम राठिया (60 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बंगरसुता निवासी छतर सिंह राठिया पिता सिदार सिंह राठिया (60 वर्ष) ने कापू अस्पताल पहुंचते ही दम तोड़ दिया। जिससे गुरुवार को कापू पुलिस ने मर्ग कायम कर पीएम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं गंभीर हालत में रायगढ़ मेडिकल कालेज अस्पताल पहुंचे इजवल सिंह राठिया पिता प्रभन सिंह राठिया (45 वर्ष) और निरज सिंह राठिया पिता उदय बैगा (45 वर्ष) की मौत हो गई। इससे चक्रधरनगर पुलिस ने शून्य में मर्ग कायम कर पीएम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया है।
इनका उपचार जारी
बुधवार रात को 12 लोग गंभीर हालत में रायगढ़ मेडिकल कालेज अस्पताल पहुंचे थे, जहां गुरुवार को सुरेंद्र राठिया और देवेंद्र राठिया की स्थिति गंभीर होने पर डाक्टरों ने रायपुर रेफर कर दिया है। साथ ही रामकुमार राठिया, बनाउराम राठिया, मदिन्दर राठिया, मि_ू राम राठिया, गाड़ालाल राठिया, बाल सिंह राठिया, विपतराम राठिया और गंजेराम राठिया का उपचार मेडिकल कालेज अस्पताल में चल रहा है। जहां इनमे से कई लोगों की स्थिति गंभीर बनी है।
बेकाबू बाइक से गिरकर एक की मौत, दो गंभीर
बुधवार की रात करीब 9 बजे लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम झगरपुर निवासी वीरेंद्र खडिय़ा पिता स्व. हरि प्रसाद खडिय़ा (18 वर्ष) अपने साथी दिनेश सिदार पिता सुंदर सिदार (19 वर्ष) और लक्ष्मण सिदार पिता मकरध्वज सिदार (18 वर्ष) के साथ एक ही बाइक में सावार होकर पड़ोसी गांव में चल रहे शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। इस दौरान गांव से कुछ ही दूर पहुंचा तो इनकी बाइक की गति अत्यधिक तेज होने के कारण मोड़ पर अनियंत्रित हो गया, इससे तीनों बाइक समेत सडक़ से नीचे गिर गए, इससे इनके शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना इनके परिजनेां को दिया। जिससे तीनों को गंभीर हालत में लैलूंगा अस्पताल लेकर पहुंचे, डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद इनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल रायगढ़ मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर कर दिया। इससे तीनों को सुबह करीब 4 बजे मेकाहारा लेकर पहुंचे तो डाक्टरों ने प्राथमिक जांच में ही वीरेंद्र खडिय़ा को मृत घोषित कर दिया। वहीं दिनेश सिदार व लक्ष्मण सिदार को भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। साथ ही परिजनों का कहना है कि इन दोनों की भी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
हाईवा ने बाईक सवार को कुचला

दूसरी घटना कोतरारोड थाना क्षेत्र की है, जिसमें डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम फगुरम निवासी गुलशन बंजारे (28 वर्ष) बुधवार की रात रायगढ़ से काम करके बाइक से अपने गांव जा रहा था। इस दौरान गुलशन जब ग्राम धनागर के पास पहुंचा ही था कि नंदेली की तरफ से एक हाइवा चालक ने वाहन में बालू लोड कर तेज एवं लापरवाही पूर्वक चलाते हुए बाइक सवार को सामने से जोरदार ठोकर मारते हुए अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पलट गया। उक्त घटना को देख आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना पुलिस को दिया, इससे घायल गुलशन को अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी मौत हो गई। वहीं गुरुवार को सुबह जब परिजन पहुंचे तो मुआवजे की मांग को लेकर चक्काजाम शुरू कर दिया। इस घटना की जानकारी मिलते ही रायगढ़ तहसीलदार एवं कोतरा रोड पुलिस मौके पर पहुंची, जहां ग्रामीणों को समझाईश देते हुए तत्कालिक सहायता राशि के रूप में 25 हजार रूपये और इसके अलावा 60 हजार रुपए और दिए गए, तब जाकर आक्रोशित ग्रामीणों ने दोपहर करीब 1 बजे चक्काजाम समाप्त किया। इस दौरान सडक़ के दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई थी। इससे करीब चार घंटा जाम के बाद पुलिस ने जाम में फंसे वाहनों को व्यवस्थित तरीके से रवाना किया। वहीं ग्रामीणों का कहना था, कि जहां एक तरफ अवैध रेत उत्खनन पर रोक लगाया जा रहा है, वहीं महानदी में धड्ल्ले से रेत उत्खनन हो रहा है, और उसमें लिप्त ट्रैक्टर व हाईवा तेज गति से वाहन को चलाते हुए राहगीरों को अपनी चपेट में ले रहे हैं, ऐसे में इन वाहनों पर रोक लगनी चाहिए।



