रायगढ़. बंगुरसिया पश्चिम सर्किल के पड़ीगांव परिसर अंतर्गत जंगल में शुक्रवार शाम करीब 4 बजे पुटू बीनने गए एक ग्रामीण पर मादा भालू ने हमला कर दिया। हमले में ग्रामीण घायल हो गया। घटना के बाद उसे उपचार के लिए तमनार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, जयराम सिदार निवासी जोबरो शाम करीब 4 बजे पुटू बीनने के लिए जंगल गया था। इसी दौरान अचानक उसका सामना मादा भालू और उसके दो शावकों से हो गया। शावकों के साथ मौजूद मादा भालू ने जयराम पर हमला कर दिया, जिससे उसके पैर और छाती के ऊपर चोट आई है।
जयराम के चीखने-चिल्लाने पर मादा भालू अपने दोनों शावकों के साथ जंगल के भीतर चली गई। इसके बाद घटना की जानकारी वन अमले को दी गई। घायल जयराम को तत्काल उपचार के लिए तमनार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग द्वारा क्षेत्र में लोगों को जंगल में अकेले न जाने और जंगली जानवरों से सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
पुटू बीनने गए ग्रामीण पर मादा भालू ने किया हमला, पैर और छाती में आई चोट



