रायगढ़। रक्षाबंधन का त्योहार मनाकर बहन के घर से लौट रहे बाइक सवार तीन युवकों को एक तेल टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई तो दूसरे ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया, जबकि एक युवक गंभीर रूप से जख्मी होने के कारण उसे रायपुर रेफर किया गया है। घटना की सूचना पर पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम रुचिदा निवासी यशवंत सिदार पिता कामता प्रसाद सिदार (26 वर्ष) शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अपने चचेरे भाई चित्रा सिदार और कृष्णा विश्वकर्मा के साथ राखी बंधवाने के लिए दीदी के घर ग्राम गोडम गए थे। जहां राखी बंधवाने के बाद तीनों युवक एक ही बाइक में सवार होकर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 6.30 बजे के आसपास ग्राम टिमरलगा के समीप पेट्रोल पंप के पास पहुंचे ही थे कि सामने से एक तेल से भरे टैंकर के चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए आया और बाइक को सामने से जोरदार ठोकर मार दिया। जिससे तीनों युवक बाइक समेत सडक़ में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं यह हादसा इतना भीषण था कि बाइक चला रहे कृष्णा विश्वकर्मा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जब कि हादसे में यशवंत सिदार और चित्रा सिदार गंभीर रूप से घायल हो गए। उक्त हादसे के बाद वहां आसपास के बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए और तत्काल इसकी सूचना डायल 112 को दिया, जिससे पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की सूचना उसके परिजनों को देते हुए तीनों को तत्काल सारंगढ़ जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डाक्टरेां ने प्राथमिक जांच में ही कृष्णा विश्वकर्मा को मृत घोषित कर दिया। वहीं यशवंत सिदार और चित्रा सिदार की गंभीर स्थिति को देखते हुए डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को रायगढ़ रेफर कर दिया, इससे यशवंत सिदार और चित्रा सिदार को रात करीब 10 बजे मेडिकल कालेज अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डाक्टरों ने प्राथमिक जांच में ही यशवंत सिदार को मृत घोषित कर दिया। वहीं चित्रा सिदार की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। शनिवार को घटना की सूचना पर चक्रधरनगर पुलिस ने शून्य में मर्ग कायम कर पीएम उपरांत शव परिजनेां को सौंप दिया है। साथ ही परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने टैंकर चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
तेल टैंकर ने बाइक सवार युवकों को ठोका, दो मृत, बहन के घर से राखी बंधवाकर घर लौटते समय हुआ हादसा, एक की हालत गंभीर, रायपुर रेफर



