जशपुरनगर। जिले में पहली बार ‘चेकमेट एट जशपुर अखिल भारतीय ओपन फिडे रेटेड शतरंज प्रतियोगिता 2026’ का आयोजन 29 अगस्त से 1 सितंबर तक पुरानी टोली स्थित कम्युनिटी हॉल में होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री अरूण साव करेंगे, कलेक्टर रोहित व्यास ने आज तैयारी का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने बाहर से आने वाले प्रतिभागियों के लिए भोजन , रुकने की व्यवस्था परिवहन और सुरक्षा व्यवस्था की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जशपुर एसडीएम विश्वास राव मस्के,नगर पालिका अधिकारी श्री योगेश्वर उपाध्याय और अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे। प्रशासन एवं खेल विभाग तथा जशपुर जिला शतरंज संघ द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में देशभर के खिलाड़ी शामिल होंगे। प्रतियोगिता में कुल 2 लाख 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है। मुख्य श्रेणी में विजेता को 50 हजार रुपये एवं ट्रॉफी, उपविजेता को 30 हजार तथा तृतीय स्थान प्राप्त खिलाड़ी को 20 हजार रुपये एवं ट्रॉफी मिलेगी। इसके अलावा विभिन्न रेटिंग, महिला, वरिष्ठ, आयु वर्ग तथा जशपुर एवं सरगुजा संभाग के खिलाडिय़ों के लिए भी विशेष पुरस्कार रखे गए हैं। प्रतियोगिता आठ चक्रों में फिडे स्विस प्रणाली के अनुसार होगी। पिछले वर्ष जशपुर में हुए शतरंज प्रतियोगिता के मुख्य श्रेणी विजेता स्पर्श खंडेलवाल ने खिलाडिय़ों से जशपुर आने की अपील करते हुए कहा कि वे पिछले वर्ष के विजेता हैं और इस वर्ष भी 29 अगस्त से 1 सितंबर तक होने वाली प्रतियोगिता में सभी खिलाडिय़ों से शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने का आग्रह किया गया है। जशपुर में हर वर्ष शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन होना खुशी की बात है और उम्मीद है कि यह आयोजन लगातार और बड़ा होता जाएगा। पिछले वर्ष के प्रथम रनर-अप वी. विराट अय्यर ने भी खिलाडिय़ों को जशपुर आने का न्योता देते हुए कहा कि पिछले वर्ष जशपुर में आयोजित राज्य स्तरीय ओपन शतरंज प्रतियोगिता में उन्हें प्रथम रनर-अप रहते हुए 21 हजार रुपये का पुरस्कार मिला था। उन्होंने इस वर्ष आयोजित अखिल भारतीय फिडे रेटेड शास्त्रीय शतरंज प्रतियोगिता में फिर शामिल होने की बात कहते हुए खिलाडिय़ों से जशपुर आकर प्रतियोगिता का हिस्सा बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि जशपुर की खूबसूरत वादियां, सुहाना मौसम और शानदार शतरंज का रोमांच खिलाडिय़ों को यादगार अनुभव देगा।



