रायपुर। गुढिय़ारी इलाके के पड़ाव स्थित मंदिर में भगवान शिव, हनुमान और साईं बाबा की प्रतिमाएं तोडऩे का मामला सामने आया। 27 अगस्त को स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान हेमंत अग्रवाल के रूप में हुई है। गुढिय़ारी थाना पुलिस के अनुसार, गुरुवार को प्रवीण लांजेवर ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने शिव-हनुमान मंदिर परिसर में स्थापित प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त कर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। संदिग्धों से पूछताछ के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही। जांच में सामने आया कि आरोपी हेमंत अग्रवाल नौकरी नहीं मिलने से भगवान से नाराज था। आरोपी की पहचान हेमंत अग्रवाल (42), निवासी मेन बाजार के पास पड़ाव, गुढिय़ारी के रूप में हुई है। पुलिस जांच के अनुसार, हेमंत बेरोजगार था और मंदिर के पास से रोजाना आते-जाते समय भगवान के प्रति नाराजगी रखता था। पुलिस के मुताबिक, उसे लगता था कि भगवान उसका साथ नहीं दे रहे हैं और वह इसी तरह बेरोजगार रहेगा। इसी नाराजगी में 27 अगस्त की रात करीब 3 बजे हेमंत घर से छैनी और हथौड़ा लेकर मंदिर पहुंचा। आरोप है कि उसने मंदिर परिसर में स्थापित हनुमानजी, शिवलिंग और साईं बाबा की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद वह छैनी और हथौड़ा अपने साथ घर ले गया और उन्हें छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर घर से घटना में इस्तेमाल छैनी और हथौड़ा बरामद किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।



