रायगढ़। राखी त्यौहार को लेकर जिले में चलाए जा रहे बने खाबो बने रहिबो अभियान के तहत शुक्रवार को जिले के कई प्रतिष्ठानों में फुड एवं सेफ्टी विभाग ने दबिश दिया जहां गंदगी पाए जाने पर नोटिस दिया तो वहीं कुछ प्रतिष्ठानों से मिठाई व पनीर का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा है।
उल्लेखनीय है कि जिले में चल रहे मिलावटी खाद्य पदार्थों को लेकर इन दिनों खाद्य वं औषधि विभाग पूरी तरह से मुस्तैद हो गया है, जिसको लेकर लगातार शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिष्ठानों में दबिश देकर जांच किया जा रहा है। इससे शुक्रवार को भी टीम शहर ेमें निकली थी, जिससे कई प्रतिष्ठानों की जांच किया। जिसमें कई जगहों पर गंदगी पाए जाने पर प्रतिष्ठान संचालक को नोटिस जारी किया है। इस अभियान के तहत शहर के सिंधी कालोनी स्थित श्याम स्वीट्स में दल ने दबिश दिया, जहां जांच के दौरान गंदगी के बीच खाद्य पदार्थ तैयार करते पाए जाने पर नारियल लड्डू का नमूना लिया गया, साथ ही प्रतिष्ठान संचालक को व्यवस्था में सुधार के लिए 15 दिन का समय देते हुए नोटिस जारी किया गया है। वहीं निर्धारित समय में सुधार न होने पर कार्रवाई की जाएगी। इसी कड़ी में स्टेडियम के पीठे रमेश मद्रासी के पापड़ी मुर्की बनाने वाले स्थान का भी औचक निरीक्षण किया गया। यहां भी खाद्य सामग्री की लेबलिंग और साफ-सफाई के मानकों में कमी मिली। इस पर पापड़ी का नमूना लिया गया और प्रतिष्ठान को आवश्यक सुधार के लिए नोटिस दिया है। इसके अतिरिक्त, जिंदल हॉस्पिटल के सामने स्थित दिनशॉ का भी निरीक्षण किया गया। जहां संदेह होने पर यहां से पनीर का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा है।
सुरक्षा को लेकर दिए गए निर्देश
इस संबंध में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुधा चौधरी ने बताया जांच के साथ सुरक्षा की समझाईश दी जा रही है। ऐसे में प्रतिष्ठान संचालकों को निर्देशित किया गया है कि खाद्य सामग्री पर सही लेबल लगाए, खाद्य पदार्थों को अखबारी कागज में पैक न करने तथा तेल को दो बार से अधिक गर्म कर उपयोग न करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में अगर कोई प्रतिष्ठान निर्देश के बाद भी नियमों का पालन नहीं करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
नशीली व नकली दवा को लेकर चार मेडिकल प्रतिष्ठानों की जांच
नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देशानुसार नशीली एवं नकली दवाओं के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ शहर में राज्यव्यापी विशेष सघन प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सीएण्डएफ एजेंट, सुपर स्टॉकिस्ट, थोक औषधि विक्रेताओं सहित संदिग्ध प्रतिष्ठानों को चिन्हांकित कर उनके यहां दवाओं के क्रय-विक्रय, स्टॉक एवं संबंधित अभिलेखों की गहन जांच की जा रही है। इसी क्रम में 21 अगस्त को खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने रायगढ़ शहर में सुमित फार्मा, श्रीराम मेडिकल स्टोर, ओम मेडिकल स्टोर एवं अनुराग मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। अधिकारियों द्वारा प्रतिष्ठानों में उपलब्ध औषधियों के स्टॉक, क्रय-विक्रय संबंधी दस्तावेजों तथा अभिलेखों की नियमानुसार जांच की गई। खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जांच के दौरान यदि किसी प्रतिष्ठान में औषधि नियमों का उल्लंघन अथवा अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आवश्यक होने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने की कार्रवाई भी की जाएगी। अभियान का उद्देश्य नशीली, नकली एवं संदिग्ध दवाओं के अवैध कारोबार पर रोक लगाना तथा आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण औषधियां उपलब्ध कराना है।



