रायगढ़ ञ्च पत्रिका. मेडिकल कालेज अस्पताल के इंटर्न डाक्टर अपनी स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर लगातार आठवें दिन भी हड़ताल पर डटे रहे। इंटर्न डाक्टरों के इस आंदोलन के कारण अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं पर सीधा असर पड़ रहा है। सबसे अधिक भार अस्पताल के सीनियर डाक्टरों पर आ गया है, जिन्हें इंटर्न डाक्टरों के हिस्से का काम भी संभालना पड़ रहा है। इससे सीनियर डाक्टरों पर काम का दबाव काफी बढ़ गया है, जिससे मरीजों की देखभाल प्रभावित होने की आशंका है। विशेषकर आपात स्थिति और आउटडोर सेवाओं में अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ रही है। इंटर्न डाक्टर अपनी मांगों को लेकर स्थानीय विधायक और मंत्री से भी कई दौर की चर्चा कर चुके हैं। हालांकि, इन बैठकों और बातचीत के बावजूद अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।
इंटर्न डाक्टरों का कहना है कि जब तक उनकी स्टाइपेंड संबंधी मांगें पूरी नहीं की जातीं, तब तक वे अपना आंदोलन जारी रखेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया है कि वे अपने हक के लिए संघर्षरत रहेंगे और किसी भी सूरत में पीछे नहीं हटेंगे। अस्पताल प्रबंधन और शासन-प्रशासन के स्तर पर भी इस गतिरोध को समाप्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। लेकिन, इंटर्न डाक्टरों के अडिग रुख के कारण यह मामला सुलझता नहीं दिख रहा है। अस्पताल में सामान्य कामकाज बनाए रखने के लिए सीनियर डाक्टर अतिरिक्त समय दे रहे हैं, लेकिन यह स्थिति लंबे समय तक कायम रखना मुश्किल होगा। यदि हड़ताल और लंबी खिंचती है, तो मरीजों की परेशानी और बढ़ सकती है तथा नियमित उपचार भी प्रभावित हो सकता है।
इंर्टन की बढ़ सकती है अवधि
इस संबंध में मेडिकल कालेज अस्पताल के अधिकारियों का कहना है कि इंटर्न डाक्टरों की अभी पढाई चल रही है। इसके बाद भी इनके द्वारा आंदोलन किया जा रहा है, जो इनके पढाई के पीडियड को भी प्रभावित कर रहा है। ऐसे में आंदोलन समाप्त होने के बाद जितने दिन गैरहाजिर रहेेंगे, उतने दिन अधिक उनको ड्यूटी देनी पड़ेगी, इसके बाद ही उनका कोर्स पूरा होगा। जो कहीं न कहीं इनके पढाई पीडियड को भी प्रभावित कर रहा है।
जल्द आएगा अच्छा परिणाम
आंदोलन कर रहे डाक्टरों का कहना है कि रायपुर में उच्च लेबर पर चर्चा हो रही है। साथ ही दो दिन पहले ही स्वास्थ्य मंत्री और वित्तमंत्री से भी चर्चा हुई है। ऐसे में 13-14 अगस्त तक हमारी मांगों पर विचार करने का आश्वासन मिला है। जिसके उम्मीद में मेडिकल कालेज के 62 इंटर्न बैठे हुए हैं।



