घरघोड़ा। ग्राम बरौद की नया बस्ती में निवासरत परिवार पिछले लगभग पाँच वर्षों से मूलभूत सुविधाओं के अभाव में कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बस्ती में आज भी बिजली, शुद्ध पेयजल, सडक़, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का अभाव बना हुआ है, जिससे सैकड़ों लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है ग्रामीणों के अनुसार सबसे अधिक परेशानी बच्चों की शिक्षा, महिलाओं एवं बुजुर्गों के स्वास्थ्य तथा रोजमर्रा की आवश्यकताओं को लेकर हो रही है। उनका कहना है कि नया बस्ती राजस्व भूमि एवं वन भूमि पर बसाहट के रूप में विकसित हो चुकी है और अब यहां घनी आबादी निवास कर रही है। इसके बावजूद अब तक आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं? ,नया बस्ती के निवासियों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्यवाही की जाए तथा बिजली, पेयजल, सडक़, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि यहां रहने वाले परिवार सम्मानपूर्वक जीवन-यापन कर सकें। ग्रामीणों ने आशा व्यक्त की है कि शासन-प्रशासन उनकी समस्याओं को संज्ञान में लेकर जल्द समाधान की दिशा में प्रभावी पहल करेगा।



