रायगढ़. लोहे का कत्ता और तीर-धनुष से ग्रामीणों में दहशत फैलाने वाले एक युवक को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लोहे का कत्ता तथा तीर-धनुष जब्त किया है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, 25 जुलाई को दोपहर में घरघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम बरौनाकुंडा एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दिया कि गांव का युवक विद्याधर अगरिया गली में लोहे का कत्ता और तीर-धनुष लेकर लोगों को भयभीत कर रहा है। इससे ग्रामीणों में दहशत और असुरक्षा का माहौल बन गया है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने तत्काल पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया। इससे पुलिस जब आरोपी के घर के पास पहुंची तो विद्याधर अगरिया पुलिस को देखकर उग्र हो गया और हाथ में हथियार लहराते हुए ‘जो सामने आएगा उसे मार दूंगा’ कहकर पुलिस की ओर बढऩे लगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने संयम और सूझबूझ से घेराबंदी कर आरेापी काबू में किया। गिरफ्तार युवक की पहचान विद्याधर अगरिया पिता रतिराम अगरिया (33 वर्ष), निवासी ग्राम बरौनाकुंडा, थाना घरघोड़ा, जिला रायगढ़ के रूप में हुई। युवक से तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक लोहे का कत्ता तथा तीर-धनुष जब्त कर पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में ये रहे शामिल
एसएसपी शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन पर इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, एएसआई डेविड टोप्पो, आरक्षक बसंत तिर्की एवं उधोराम पटेल की भूमिका रही। घरघोड़ा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ है।
तीर-धनुष से दहशत फैलाने वाला गिरफ्तार



