रायपुर। कारगिल विजय दिवस के मौके पर शनिवार सुबह रायपुर में साइकिल रैली निकाली गई। इस रैली में 100 से ज्यादा साइकिलिस्ट शामिल हुए। सेना के जवानों, पूर्व सैनिकों, महिलाओं और बच्चों ने एक साथ साइकिल चलाकर कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि दी। रैली का आयोजन मुख्यालय मध्य भारत एरिया के तहत छत्तीसगढ़ एवं ओडिशा सब एरिया ने नवा रायपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी (एनआरडीए) टूर डी रायपुर साइक्लिंग ग्रुप और आईटीएसए हॉस्पिटल के सहयोग से किया। रैली सुबह रायपुर से शुरू हुई और नवा रायपुर के सेंद लेक पहुंचकर समाप्त हुई। पूरे रास्ते प्रतिभागियों ने देशभक्ति का संदेश दिया और कारगिल के वीर जवानों के बलिदान को याद किया।
रैली में सेना के जवानों के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिक भी शामिल हुए। आयोजकों ने बताया कि इस आयोजन का मकसद कारगिल के शहीदों को श्रद्धांजलि देना और नई पीढ़ी को उनके साहस और बलिदान से परिचित कराना था। रैली के दौरान आईटीएसए हॉस्पिटल की टीम मेडिकल सहायता के लिए मौजूद रही। वहीं, एनआरडीए ने ट्रैफिक और पूरे रूट की व्यवस्था संभाली ताकि आयोजन बिना किसी परेशानी के पूरा हो सके। समापन कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ एवं ओडिशा सब एरिया के कमांडर ब्रिगेडियर टी.एस. बावा ने सभी प्रतिभागियों की सराहना की। उन्होंने कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनके साहस और बलिदान को देश कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में देशभक्ति की भावना मजबूत करते हैं और आने वाली पीढिय़ों को देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों की गाथा से जोड़ते हैं। कार्यक्रम के अंत में रैली में शामिल साइकिलिस्टों को सम्मानित भी किया गया।
कारगिल विजय दिवस पर निकली साइकिल रैली
सेना के जवान, पूर्व सैनिक, महिलाएं और बच्चों ने लिया हिस्सा



