पुसौर/रायगढ़। विकासखंड पुसौर अंतर्गत ग्राम पंचायत बाराडोली में पिछले कई महीनों से बनी हुई जल निकासी की गंभीर समस्या का प्रशासन की सक्रिय पहल एवं शांतिपूर्ण हस्तक्षेप से सफलतापूर्वक समाधान कर लिया गया। लंबे समय से जलभराव से परेशान ग्रामीणों ने प्रशासन की इस त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई का स्वागत करते हुए राहत की सांस ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बाराडोली के अटल चौक के समीप स्थित सडक़ के ऊपरी हिस्से के खेतों का वर्षा जल विगत लगभग 20–25 वर्षों से एक नाली एवं बड़ी सीमेंट पाइप के माध्यम से सडक़ के नीचे स्थित खेतों की ओर स्वाभाविक रूप से प्रवाहित होता रहा है। यह व्यवस्था वर्षों से बिना किसी विवाद के संचालित होती रही और आसपास के क्षेत्र में जलभराव की समस्या उत्पन्न नहीं होती थी।
बताया गया कि पिछले कुछ महीनों के दौरान ग्राम परसापाली निवासी चतुर्भुज साहू द्वारा अपनी निजी भूमि पर निर्माण कार्य कराया जा रहा था। इसी दौरान घर के सामने स्थित शासकीय भूमि पर भी मिट्टी डाल दिए जाने से वर्षा जल निकासी का पुराना मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। इसके चलते बारिश का पानी सडक़ के ऊपर जमा होने लगा और आसपास के कई घरों, आंगनों तथा खेतों में लगातार जलभराव की स्थिति बनने लगी। लगातार जलभराव के कारण कई मकानों की नींव प्रभावित होने लगी तथा कुछ मकान क्षतिग्रस्त होने की स्थिति तक पहुंच गए। इससे ग्रामीणों को आवागमन, दैनिक जीवन और कृषि कार्यों में भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बरसात के मौसम में समस्या और गंभीर हो गई, जिससे लोगों में चिंता का माहौल बना रहा। समस्या के समाधान के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर कई बार बैठकें आयोजित की गईं तथा दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बनाने का प्रयास किया गया। पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने मिलकर विवाद को बातचीत के माध्यम से सुलझाने की पहल की, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। समय के साथ विवाद बढ़ता गया और मामला थाना तथा राजस्व विभाग तक पहुंच गया। पुसौर पुलिस एवं संबंधित पटवारी द्वारा कई बार समझाइश दी गई, फिर भी जल निकासी का मार्ग बहाल नहीं हो पाया।
अंतत: ग्रामवासियों ने तहसीलदार पुसौर के समक्ष लिखित शिकायत प्रस्तुत कर प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार के निर्देश पर राजस्व विभाग का अमला, संबंधित पटवारी तथा पर्याप्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों पक्षों की उपस्थिति में स्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया तथा पुराने जल निकासी मार्ग की स्थिति का अवलोकन किया।
निरीक्षण के उपरांत प्रशासन ने सभी पक्षों की बात सुनते हुए वर्षों से प्रचलित जल निकासी व्यवस्था को पुन: बहाल करने का निर्णय लिया। इसके तहत जेसीबी मशीन की सहायता से अवरुद्ध मार्ग को खोला गया और वर्षा जल की निकासी पुन: प्रारंभ कराई गई। जल निकासी शुरू होते ही क्षेत्र में जमा पानी तेजी से निकलने लगा, जिससे ग्रामीणों को तत्काल राहत मिली।
प्रशासन की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई तथा दोनों पक्षों ने प्रशासन के निर्देशों का पालन किया। ग्रामीणों ने अधिकारियों की निष्पक्षता, संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते समाधान होने से बड़ी जनहानि एवं संपत्ति के नुकसान की आशंका टल गई। इस अवसर पर ग्राम पंचायत बाराडोली द्वारा भी आश्वासन दिया गया कि भविष्य में ऐसी समस्या की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सडक़ के दोनों ओर स्थायी नाली निर्माण का प्रस्ताव प्राथमिकता के साथ तैयार कर शीघ्र कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि स्थायी नाली बनने के बाद बरसात के दौरान जलभराव की समस्या हमेशा के लिए समाप्त हो जाएगी और गांव में सुचारु जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित होगी। ग्रामीणों ने प्रशासन, राजस्व विभाग, पुलिस प्रशासन एवं ग्राम पंचायत के संयुक्त प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में समय पर की गई कार्रवाई लोगों का शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत करती है।
बाराडोली में महीनों से चली आ रही जल निकासी समस्या का समाधान
प्रशासन की तत्पर पहल से ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत



