रायगढ़। कापू पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में एंड-टू-एंड कार्रवाई करते हुए मुख्य सप्लायर चिंतामणी उर्फ चेता यादव को जिला जशपुर के पत्थलगांव क्षेत्र में दबिश देकर गिरफ्तार किया है।
विदित हो कि 03 जून को थाना प्रभारी कापू उप निरीक्षक इगेश्वर यादव को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पखनाकोट सुकवासुपारा में अवैध रूप से गांजा बिक्री की जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा दबिश देकर आरोपिया श्रीमती चम्पा यादव पति रवि कुमार यादव, उम्र 58 वर्ष निवासी पखनाकोट सुकवासुपारा के कब्जे से बिक्री हेतु रखा गया 0.818 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 13,000 तथा एक ओप्पो ।11ज्ञ मोबाइल फोन बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपिया ने घर से गांजा बिक्री करना स्वीकार करते हुए गांजा चिंतामणी उर्फ चेता यादव से प्राप्त करना बताया था। मामले में थाना कापू में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर आरोपिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। प्रकरण की विवेचना के दौरान पुलिस ने चम्पा यादव और चिंतामणी उर्फ चेता यादव के बीच मोबाइल पर हुई बातचीत के रिकॉर्ड का विश्लेषण किया, जिसमें दोनों के बीच संपर्क की पुष्टि हुई। इसके आधार पर आरोपी की लगातार पतासाजी की जा रही थी। कल कापू पुलिस ने जिला जशपुर के पत्थलगांव क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी चिंतामणी उर्फ चेता यादव पिता मनधरी यादव, उम्र 30 वर्ष, निवासी कोडेकेला, थाना पत्थलगांव को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने 03 जून को चम्पा यादव को 6,500 में गांजा उपलब्ध कराना स्वीकार किया तथा बताया कि प्राप्त रकम में से 4,500 खर्च हो चुके हैं। आरोपी के कब्जे से शेष 2,000 नगद, एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, आरसी कार्ड तथा एक काला रंग का मोबाइल फोन जब्त किया गया। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
एनडीपीएस मामले का मुख्य सप्लायर गिरफ्तार
आरोपी चिंतामणी उर्फ चेता यादव जशपुर से गिरफ्तार



