रायगढ़. तराईमाल स्थित सिंघल प्लांट के पास धारदार हथियार लहराकर लोगों में भय फैलाने वाले एक व्यक्ति को पूंजीपथरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। साथ ही उसके कब्जे से लोहे का धारदार हथियार भी जब्त किया।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार 9 जून को दोपहर में पूंजीपथरा थाना प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिंघल प्लांट के समीप एक व्यक्ति धारदार हथियार लहराते हुए आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। जिससे गंभीरता को देखते हुए पुलिस दल तत्काल मौके पर पहुंचा और घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम साकिर अली पिता सफायत मियां (45 वर्ष), निवासी तिवारी मटिहनिया, थाना बिसम्बरपुर, जिला गोपालगंज (बिहार) बताया। जिसकी तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक लोहे का धारदार हथियार बरामद किया गया, जिसे विधिवत जब्त कर साकिर अली के इस कृत्य पर आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत वैधानिक कार्रवाई कर न्यायालय में रिमांड पर प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक गजेन्द्र पैंकरा और आरक्षक सुरेश सिदार की भूमिका सराहनीय रही। वहीं पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन कर भय का वातावरण निर्मित करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
धारदार हथियार लहराकर भय फैलाने वाला गिरफ्तार
सिंघल प्लांट तराईमाल के पास लोगों को डरा रहा था आरोपी



