रायगढ़. इन दिनों ट्रेनों भीड़ को देखते हुए ज्यादातर यात्री बगैर टिकट के ही सफर पर निकल जा रहे हैं, इससे जहां रेलवे को नुकसान हो रहा है तो वहीं टिकट लेकर सफर करने वालों की भी परेशानी बढ़ गई है, इसको देखते हुए रेलवे विभाग ने महा टिकट चेकिंग अभियान चलाया है, जहां एक ही दिन में 440 यात्री बगैर टिकट यात्रा करते पकड़े गए, जिनसे दो लाख 46 हजार रुपए का जुर्माना वसूल किया है।
उल्लेखनीय है कि इन दिनों शादी व गर्मी का छुट्टी होने के कारण लोग लगातार सफर कर रहे हैं। जिसके चलते किसी भी यात्री ट्रेन में इन दिनों पैर रखने की जगह नहीं मिल रही है, ऐसे में अब यात्री इस भीड़ का फायदा उठाते हुए बगैर टिकट का ही सफर पर निकल जा रहे हैं। जिसको देखते हुए रेलवे विभाग ने मंगलवार को रायगढ़ स्टेशन पर टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान स्थानीय अधिकारियों के साथ बाहर से भी बड़ी टीटीई पहुंचे थे और स्टेशन से निकलने वाले लगभग सभी गेट पर खड़े होकर स्टेशन से निकलने वाले प्रत्येक यात्रियों की जांच की गई। ऐसे में एक ही दिन में कुल 18 यात्री ट्रेनों से उतरने वाले यात्रियों की टिकट जांच की गई। वहीं इस कड़ी जांच को देखते हुए कई यात्री रेलवे लाइन से होकर भागते नजर आए, लेकिन मौके पर डटे अधिकारियों की टीम ने उनके मनसुबे पर पानी फेरते हुए उनसे टिकट की मांग की, इस दौरान जिन यात्रियों के पास टिकट था उनको तो जाने दिया, लेकिन कई यात्री बगैर टिकट के पाए जाने पर उनके खिलाफ जुर्माना लगाया। वहीं अधिकारियों ने बताया कि इस जांच महाअभियान में कुल 440 मामले सामने आए थे। जिससे कुल 2 लाख 46 हजार 231 रुपये का जुर्माना वसूला गया, वहीं वसूले गए जुर्माने में बिना टिकट यात्रा के 294 मामलों से 1 लाख 90 हजार 16 रुपये, अनियमित टिकट के 111 मामलों से 52 हजार 715 रुपये, बिना बुक किए गए सामान के 30 मामलों से 3 हजार रुपये और गंदगी फैलाने के 5 मामलों से 500 रुपये का जुर्माना शामिल है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के अभियान यात्रियों में नियमों के प्रति जागरूकता बढाने और सुरक्षित तथा सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए महत्त्वपूर्ण हैं जो लगातार जारी रहेगी। इस संबंध में सफर करने वाले यात्रियों का कहना था कि इन दिनों ट्रेनों में हो रही भीड़ के चलते जो यात्री माहभर पहले से टिकट बुक करा कर सफर कर रहे हैं, उनको भी उनके सीट पर बैठने की जगह नहीं मिल रही है। ऐसे में अगर लगातार इस तरह से अभियान चलता रहा तो काफी राहत मिलेगी। साथ ही यह अभियान स्टेशन के अलावा सफर में भी लगातार जारी रहेगा तो काफी बेहतर होगा। टिकट चेकिंग महा अभियान में प्रमुख रूप से सहायक वाणिज्य प्रबंधक डीएस चौहान के नेतृत्व में वाणिज्य निरीक्षक, मुख्य टिकट निरीक्षक, टिकट जांच कर्मचारी (टीटीई) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) टीम ने सहभागिता रही, जो सुबह से लेकर देर शाम तक मौके पर डटे रहे।
बगैर टिकट यात्रा करने वालों पर गिरी रेल प्रशासन की गाज
एक ही दिन में 18 ट्रेनों की हुई जांच, 440 मामले आए सामने, रेलवे ने की 2 लाख 46 हजार रुपये की वसूली



