खरसिया। कैलाश शर्मा। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के तत्वावधान में, स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के अंतर्गत खरसिया नगर में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एक विशेष जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की गई है। 5 जून से 12 जून तक चलने वाले इस ‘स्वच्छता सप्ताह’ का गरिमामय शुभारंभ स्थानीय लखीराम ऑडिटोरियम में आयोजित एक वृहद सेमिनार के माध्यम से हुआ। इस कार्यक्रम में नगर पालिका प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध जनों और मातृशक्ति ने एक मंच पर आकर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य नगर को स्वच्छता के नए आयामों पर ले जाना और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के दिशा-निर्देशों को धरातल पर उतारना है। कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि परिषद की आगामी बैठकों में इन नए नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन और उनकी बारीकियों पर विस्तृत परिचर्चा की जाएगी। वक्ताओं ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि केवल नियम बनाना काफी नहीं है, बल्कि जन-जागरूकता और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही इनका जमीनी अनुपालन सुनिश्चित किया जा सकता है। नगर में नागरिक सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए 18 वार्डों में कुल 56 मोहल्ला समितियों का गठन किया गया है। सेमिनार में उपस्थित इन समितियों के पदाधिकारियों, नागरिकों, नगर पालिका कर्मचारियों और स्व-सहायता समूह की दीदियों को कचरा प्रबंधन की वैज्ञानिक पद्धतियों से अवगत कराया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से चार प्रकार के डस्टबिन के उपयोग और स्रोत स्तर पर ही कचरे के पृथक्करण की जानकारी दी गई गीला कचरा, सूखा कचरा, सैनिटरी कचरा, ई-वेस्ट
जीवन का सबसे बड़ा सुख निरोगी काया है कमल गर्ग
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग ने भावुक अपील करते हुए कहा, यह शहर आपका और हमारा है, इसे स्वच्छ रखना भी हमारा ही कर्तव्य है। यदि शहर स्वच्छ और सुंदर होगा, तो बीमारिया नहीं फैलेंगी और हमारा परिवार स्वस्थ रहेगा। इसके साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि मानसून के आगमन से पूर्व नगर पालिका द्वारा सभी नालियों और वर्षों से जाम पड़े नालों की सफाई का विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि इस बार शहर में जलभराव की स्थिति निर्मित न हो। कमल गर्ग ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि नगर के सभी अठारह वार्डों में वृहद वृक्षारोपण का कार्यक्रम एक पेड़ मां के नाम के तहत आयोजित किया जाएगा, जिसमें नगर के सभी वार्डों में वृक्षारोपण किया जाएगा। मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्रीमती नीतू अग्रवाल ने सभी नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाएं, घर-घर कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित करें तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। जन जागरूकता और जन सहयोग से ही खरसिया को स्वच्छ, स्वस्थ एवं समृद्ध नगर बनाया जा सकता है। इस वैचारिक सेमिनार और संकल्प समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग, मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्रीमती नीतू अग्रवाल, नगर पालिका उपाध्यक्ष अवध नारायण ‘बंटी’ सोनी सहित सभी वार्डों के सम्मानीय पार्षदगण, मोहल्ला समितियों के अध्यक्ष व सचिव तथा भारी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने स्वच्छता को एक जन-आंदोलन का रूप देने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाते हुए शहर को आदर्श बनाने की शपथ ली।



