रायगढ़। किन्नरों के दो अलग-अलग गुट सक्रिय है। एक गुट का नेतृत्व पूर्व महापौर मधुबाई करती हैं, जबकि दूसरा गुट कुंतीबाई का है, जो पहले मधुबाई गुट का हिस्सा था। रविवार को दोनों गुटों के बीच विवाद हो गया। इसकी शिकायत लेकर दोनों पक्ष कोतरा रोड थाना पहुंचे थे। वहीं देर शाम चार किन्नरों ने मिलकर मधुबाई गुट के सदस्यों के साथ मारपीट कर दी। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसारॉ रविवार को ग्राम जोरापाली में पूर्व महापौर मधुबाई किन्नर और कुंतीबाई किन्नर के गुटों के बीच विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि पैसे मांगने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट तक पहुंच गई। घटना के बाद दोनों पक्ष कोतरा रोड थाना पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
इसके बावजूद रविवार देर शाम फिर से मधुबाई गुट के किन्नरों के साथ मारपीट की घटना सामने आई। सोमवार को मि_ूमुड़ा राजीव गांधी नगर निवासी 40 वर्षीय संध्या ने जूटमिल थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। संध्या ने बताया कि वह ट्रांसजेंडर है और अपने साथियों मधुबाई, पल्लवी सुमन, जोया, राधिका, शिल्पा और कोमल के साथ बच्चों के जन्मदिन सहित अन्य कार्यक्रमों में बधाई देने तथा नाच-गाने का काम करती है। संध्या का आरोप है कि पिछले करीब 20 दिनों से कुनाल निराला, नागमणी किन्नर, स्वीटी किन्नर और गोपीबाई किन्नर नाच-गाने के काम को लेकर उसे और उसके साथियों को लगातार गाली-गलौज कर मानसिक रूप से प्रताडि़त कर रहे थे।
संध्या ने बताया कि रविवार देर शाम वह अपने साथी ट्रांसजेंडर मधुबाई, पल्लवी सुमन, जोया, राधिका, शिल्पा और कोमल के साथ अपने घर पर मौजूद थी। इसी दौरान कुनाल निराला, नागमणी किन्नर, स्वीटी किन्नर और गोपीबाई किन्नर वहां पहुंचे। आरोप है कि चारों ने घर के सामने आकर संध्या और उसके साथियों के साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर उन्होंने जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। घटना के बाद पीडि़त पक्ष ने इसकी शिकायत पुलिस से की। मारपीट की इस घटना में संध्या, पल्लवी और सुमन को चोटें आई हैं। पीडि़ता संध्या की शिकायत पर पुलिस ने सोमवार को आरोपी कुनाल निराला, नागमणी किन्नर, स्वीटी किन्नर और गोपीबाई किन्नर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पूर्व महापौर मधुबाई किन्नर ने आरोप लगाया है कि जोरापाली में कुंतीबाई गुट के लोगों ने बाहरी व्यक्तियों को बुलाकर उनके साथियों और गुट के अन्य किन्नरों के साथ मारपीट की। मधुबाई ने बताया कि वर्तमान में उनकी कोई स्थायी आय नहीं है। ऐसे में वे अपने पारंपरिक काम में लगी हुई हैं। उन्होंने कहा कि वे नाच-गाकर लोगों को आशीर्वाद देती हैं, लेकिन दूसरे पक्ष के लोग उन्हें और उनके साथियों को लगातार धमकियां दे रहे हैं।
मधुबाई का आरोप है कि कुंतीबाई गुट के किन्नरों ने उनके चेलों के साथ भी मारपीट की है। उन्होंने बताया कि पहले दोनों गुट एक साथ काम करते थे, लेकिन दूसरे पक्ष का व्यवहार पसंद नहीं आने के कारण वे उनसे अलग हो गए। इस मामले में जूटमिल थाना प्रभारी अभिनवकांत सिंह ने बताया कि सबसे पहले दोनों पक्षों के बीच कोतरा रोड थाना क्षेत्र में विवाद हुआ था। इसके बाद मि_ूमुड़ा इलाके में मारपीट की घटना सामने आई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
किन्नरों के दो गुटों में विवाद, नाच-गाने और पैसे के लेनदेन को लेकर मारपीट
4 किन्नरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज



