रायगढ़। एक महिला ने पति पर मारपीट करने, मुस्लिम रीति-रिवाज से चलने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। महिला के अनुसार पति बेटे से पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे भी लगवाता था, जिसका वीडियो भी सामने आया है।
महिला पहले हिंदू थी और उसने मुस्लिम युवक से शादी की है। पत्नी का कहना है कि पति ने खुद को तलाकशुदा बताकर प्रेम जाल में फंसाया। जबकि उसने पहली पत्नी को तलाक नहीं दिया था। बच्चे होने के बाद पति नमाज और कलमा पढऩे के लिए लगातार दबाव बनाता था। हालांकि, पति वर्तमान में अवैध शराब बेचने के आरोप में जेल में है। वहीं, पीडि़ता ने महिला थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई है। पति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इसके अलावा उसने पति से अपनी जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की भी मांग की है।
जानकारी के मुताबिक 35 साल की पीडि़ता कोरबा जिले की रहने वाली है। आरोप है कि जोगीडीपा के रहने वाले वसीम मोहम्मद (43) खुद को तलाकशुदा बताया। दोनों की बातचीत होने लगी और दोनों एक-दूसरे को चाहने लगे। साल 2021 में दोनों ने मुस्लिम रीति-रिवाज से शादी कर ली। पीडि़ता का आरोप है कि शादी के दौरान वसीम ने अपने पहली बीवी और बच्चों के बारे में नहीं बताया था, जबकि उसके पहले से पांच बच्चे हैं। शादी के बाद उसे वसीम के पहले से शादीशुदा होने की जानकारी हुई। उसने पहली पत्नी को तलाक भी नहीं दिया है। पीडि़ता ने बताया कि उसके खुद के दो बच्चे हैं।
बजरंग दल ने एसपी को सौंपा ज्ञापन
संगठन ने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया है कि पीडि़त पक्ष और उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, क्योंकि उन्हें किसी प्रकार के हमले या नुकसान की आशंका है। बजरंग दल के पदाधिकारियों ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए। वहीं एसएसपी को सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से मामले की जांच जारी है।
बच्चा होने के बाद शुरू हुआ अत्याचार
महिला ने कहा कि शादी से पहले वसीम के साथ सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन जब बच्चा हुआ तो उसके बाद से वह प्रताडि़त करने लगा। पीडि़ता ने बताया कि पति कलमा पढऩे, नमाज पढऩे बोलता था। बच्चे होने के बाद भी रोजा रखवाता था। वह रोजा रखती थी, फिर भी पति कई बार मारपीट करते हुए उसे घर से निकाल देता था। पीडि़ता ने बताया कि मुस्लिम समाज में आ जाने के कारण हिंदू समाज का कोई भी व्यक्ति उसे अपनाने को तैयार नहीं था। वसीम ने उसकी मजबूरी का फायदा उठाया। पीडि़ता के अनुसार वसीम शराब और गांजे के अवैध कारोबार में लिप्त है और वर्तमान में वह जेल में बंद है।
पीडि़ता का आरोप है कि वसीम उसके और उसके बच्चों के साथ लगातार मारपीट और अत्याचार करता था। वह उन सभी से जबरन ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगवाता था और हिंदुस्तान के खिलाफ गाली-गलौज करवाता था। विरोध करने पर उन्हें बुरी तरह प्रताडि़त करता था।
आरोपी के जेल जाते ही पहुंची थाने
पीडि़ता ने बताया कि वह अब वसीम के साथ किसी भी तरह का संबंध नहीं रखना चाहती और न ही अपने बच्चों को उसके पास छोडऩा चाहती है, क्योंकि वसीम इस समय जेल में बंद है, इसलिए वह शिकायत दर्ज कराने महिला थाने पहुंची। फिलहाल, पुलिस शिकायती आवेदन लेकर जांच में जुट गई है।



