रायगढ़। जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों में लूट और चेन स्नैचिंग जैसी घटनाएं सामने आईं। सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और संदिग्धों को पकड़ लिया। बाद में पता चला कि यह कोई असली घटना नहीं थी, बल्कि पुलिस का मॉकड्रिल था। यह अभ्यास जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की जांच और तैयारी को परखने के लिए किया गया था।
रायगढ़ शहर, खरसिया और धरमजयगढ़ इलाके में लूट, चेन स्नेचिंग और संपत्ति से जुड़ी घटनाओं पर पुलिस ने मॉकड्रिल किया। इसका मकसद पुलिस की रिस्पॉन्स टाइम, नाकेबंदी और जांच व्यवस्था को परखना था। इस अभ्यास में सीनियर अफसर भी गोपनीय तरीके से शामिल रहे और मौके पर पुलिस की कार्रवाई, चेकिंग और अपराधियों को पकडऩे की तैयारी का निरीक्षण करते रहे। पहला मॉकड्रिल बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ चौक पर हुआ। यहां कंट्रोल रूम से सूचना दी गई कि सिविल लाइन रोड पर एक महिला से चेन स्नेचिंग हुई है और बाइक सवार दो आरोपी सत्तीगुड़ी चौक की तरफ भाग गए हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली और चक्रधरनगर पुलिस ने शहर के कई चौक-चौराहों पर नाकेबंदी कर दी। इसके बाद रेलवे स्टेशन के पास बैग लूट की दूसरी घटना का भी डेमो किया गया। अभ्यास में शामिल संदिग्ध शहर में घूमने के बाद ओडिशा रोड की तरफ भाग रहे थे, जिन्हें पहाड़ मंदिर के पास घेरकर पुलिस ने पकड़ लिया।
लूटपाट की घटना का किया मॉकड्रिल
दूसरा मॉकड्रिल खरसिया थाना क्षेत्र में किया गया। इसमें कंट्रोल रूम से लूटपाट की सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत नाकेबंदी कर प्रमुख रास्तों और चौक-चौराहों पर सघन जांच शुरू कर दी। इस दौरान एक संदिग्ध को खरसिया पुलिस ने रायगढ़ चौक पर पकड़ लिया, जबकि दूसरे संदिग्ध को मदनपुर चौक के पास घेराबंदी कर दबोच लिया गया। तीसरा संदिग्ध मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। इस अभ्यास में तीन में से दो संदिग्धों को पकडक़र पुलिस ने अपनी तेज कार्रवाई और नाकेबंदी व्यवस्था का प्रदर्शन किया। इस मॉकड्रिल का संचालन खरसिया एसडीओपी प्रभात पटेल के नेतृत्व में किया गया।
चैन स्नैचिंग को लेकर कापू रोड पर घेराबंदी
धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में तीसरा मॉक ड्रिल किया गया। इसमें कंट्रोल रूम से सूचना दी गई कि दशहरा मैदान में एक युवती से चेन स्नैचिंग हुई है और बाइक सवार दो डमी आरोपी कापू रोड की ओर भाग रहे हैं।
इसके बाद पुलिस ने तुरंत आरोपियों के हुलिए और गाड़ी की जानकारी सभी जगह भेज दी। सडीओपी धरमजयगढ़ सिद्दांत तिवारी के नेतृत्व में पुलिस ने कापू रोड पर घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया और अपनी त्वरित कार्रवाई का सफल प्रदर्शन किया।
समय-समय पर मॉकड्रिल कराई जाती है
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि अपराध होने के बाद पुलिस की तुरंत कार्रवाई और नाकेबंदी व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए समय-समय पर ऐसे मॉकड्रिल कराए जाते हैं। इन अभ्यासों में जहां भी कमी पाई जाती है, वहां सुधार किया जाता है। उन्होंने बताया कि आज की मॉकड्रिल में पुलिसकर्मियों ने अच्छा प्रदर्शन किया और समय पर सही कार्रवाई की।



