खरसिया। शहर रविवार सुबह उस वक्त सनसनी से दहल उठा जब एक निजी हॉस्पिटल से रहस्यमयी ढंग से लापता हुए मरीज की लाश रेलवे लाइन पर बरामद हुई। घटना ने पूरे इलाके में हडक़ंप मचा दिया है। प्रथम दृष्टया मामला बेहद संदेहास्पद माना जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और आत्महत्या, हत्या तथा लापरवाही समेत हर एंगल से पड़ताल की जा रही है।
मृतक की पहचान समीपस्थ तेलीकोट निवासी 35 वर्षीय सरोज बंजारे के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सरोज को पेट दर्द की शिकायत के बाद दो दिन पहले उसे उक्त हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का कहना है कि युवक की हालत सामान्य थी और वह इलाजरत था। शनिवार रात अचानक वह अपने बेड से गायब मिला। इसके बाद परिवारजनों ने अस्पताल परिसर और आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
रविवार सुबह जब रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिलने की सूचना फैली तो मौके पर पहुंचकर परिजनों ने पहचान की। शव सरोज बंजारे का निकला। इसके बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि एक भर्ती मरीज आखिर अस्पताल से कैसे गायब हो गया। क्या अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं थी। यदि मरीज मानसिक तनाव में था तो निगरानी क्यों नहीं थी। यदि सामान्य स्थिति में था तो बिना किसी जानकारी के बाहर कैसे निकल गया। इन तमाम सवालों ने अस्पताल प्रबंधन को कठघरे में खड़ा कर दिया है।
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, अस्पताल स्टाफ की ड्यूटी, परिजनों के बयान और घटनास्थल के साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
इधर परिजनों और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने निजी हॉस्पिटल प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने अस्पताल पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मृतक परिवार को मुआवजा देने, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने और अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है।
खरसिया की इस घटना ने निजी अस्पतालों की जवाबदेही, मरीज सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। अब सबकी नजर पुलिस जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई है।
खरसिया के निजी हॉस्पिटल की लापरवाही उजागर
निजी हॉस्पिटल से गायब हुए मरीज की रेलपांत में मिली लाश, सुरक्षा में उठे गंभीर सवाल, परिजनों ने प्रबंधन के खिलाफ खोला मोर्चा



