रायपुर। राजधानी रायपुर में फर्नीचर कारोबारी के साथ 39 लाख रुपए की धोखाधड़ी हो गई। आरोपी ने कमर्शियल मशीन बेचने का झांसा देकर पूरी रकम ऐंठ ली और बाद में वही मशीन किसी और को बेच दी। जब पीडि़त ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने उसे झूठे केस में फंसाने और यूपी के आजमगढ़ से गुंडे बुलाकर जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस के अनुसार, पीडि़त का नाम मोहम्मद शाहनवाज और आरोपी का नाम इमरान नवाब है। यह मामला मौदहापारा थाना क्षेत्र का है।
मौदहापारा थाना में दर्ज एफआईआर के अनुसार, हुसैनी प्लाजा निवासी पीडि़त मोहम्मद शाहनवाज ने बताया कि आरोपी मोहम्मद इमरान नवाब उसकी फर्नीचर दुकान पर ग्राहक के तौर पर आता था। इसी जान-पहचान का फायदा उठाकर इमरान ने उसे एक एचडीडी (एचडीडी) मशीन बेचने का सौदा किया। शाहनवाज ने मशीन के लिए 39 लाख रुपए का भुगतान बैंक और नकद माध्यम से कर दिया। आरोपी ने यह कहकर समय मांगा कि मशीन शहर से बाहर है और जैसे ही आएगी, उसे सौंप दिया जाएगा। शाहनवाज के मुताबिक, उसके पिता कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। उन्हें इलाज के लिए पैसों की सख्त जरूरत है, लेकिन आरोपी पिछले दो साल से उसे गुमराह कर रहा है।
ठगी का अहसास होने पर जब विवाद बढ़ा, तो आरोपी ने कोर्ट में इकरारनामा किया और 18 अलग-अलग चेक दिए। लेकिन हर बार ‘चेक बाउंस’ हो गए या आरोपी ने घरेलू परेशानी बताकर उसे बैंक में चेक लगाने से रोक दिया। अब आरोपी पैसे लौटाने के बजाय पीडि़त को ही डरा रहा है। शिकायत के अनुसार, इमरान अपनी राजनीतिक पहुंच का रौब झाड़ता है और कहता है कि वह आजमगढ़ से गुंडे बुलाकर शाहनवाज को पिटवाएगा और सारे सबूत (करारनामा और चेक) फाड़ देगा। मौदहारापारा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करके जांच की जा रही है। पीडि़त से धोखाधड़ी करने वाले आरोपी के खिलाफ ठोस कार्रवाई की जाएगी।
कारोबारी से 39 लाख की धोखाधड़ी, पैसे मांगने पर दी धमकी



