रायगढ़। जिले में युवती के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और बाद में आपत्तिजनक वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पीडि़ता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र में रहने वाली 24 वर्षीय युवती की पहचान करीब तीन साल पहले कॉलेज में पढ़ाई के दौरान कोतरा रोड बैकुण्ठपुर मिर्चा गली निवासी बादल राजपूत से हुई थी। दोस्ती के बाद आरोपी ने युवती को शादी का भरोसा दिलाया। आरोप है कि 3 अक्टूबर 2022 को आरोपी युवती को अपने दोस्त के घर ले गया, जहां उसने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद वह लगातार शादी का आश्वासन देता रहा और संबंध बनाता रहा।
वीडियो बनाकर करता रहा ब्लैकमेल
पीडि़ता के मुताबिक, आरोपी ने धोखे से उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। बाद में उसी वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर कई बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए। जब भी युवती शादी की बात करती, आरोपी टालमटोल करता और विरोध करने पर गाली-गलौज व मारपीट करता था।
शादी से किया इनकार
बताया जा रहा है कि 12 जनवरी को आरोपी युवती को फिर कोतरा रोड विकास नगर इलाके में ले गया और संबंध बनाने के बाद शादी से साफ इनकार कर दिया। आरोपी की हरकतों से परेशान होकर युवती ने आखिरकार महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी बादल राजपूत को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।



