जशपुर/बगीचा। गणेश विसर्जन कार्यक्रम से लौट रहे श्रद्धालुओं पर तेज रफ्तार बोलेरो वाहन ने भीषण वारदात को अंजाम दे दिया। बगीचा थाना क्षेत्र के जुरूडांड गांव में मंगलवार रात करीब 11 बजे हुए इस हादसे में 2 पुरुष और 1 महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अम्बिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।
हादसे में जिनकी मौत हुई है, उनमें अरविंद केरकेट्टा (19 वर्ष), विपिन कुमार प्रजापति (17 वर्ष) और खिरोवती यादव (32 वर्ष) शामिल हैं। वहीं, घायलों में फकीर यादव, नीलू यादव, निरंजन राम, संदीप यादव, नारायण, देवंती, गुलापी बाई, याहूसु लकड़ा, संतोष प्रजापति, हेमंत यादव, उमा यादव, भुवनेश्वरी यादव, चंदा बाई, पिंकी, लीलावती प्रजापति, डमरूधर यादव, गायत्री यादव, आरती यादव, परमानंद यादव, अभिमन्यु, हेमानंद और सुखसागर समेत कई लोग शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर रोहित व्यास, एसपी शशि मोहन सिंह और जशपुर विधायक रायमुनी भगत देर रात ही मौके पर पहुंचे और घायलों को समुचित इलाज दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही मृतकों के परिजनों से मिलकर इस दुख की घड़ी में हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
सीएम साय ने जताया शोक
बगीचा में गणेश विसर्जन की झांकी के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मृत्यु तथा कई अन्य के घायल होने की दुखद खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए घायलों की समुचित चिकित्सा एवं आवश्यक मदद के निर्देश जिला प्रशासन को दिए हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दु:खद घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार मृतकों के परिजनों एवं घायलों के साथ खड़ी है। राज्य सरकार द्वारा मृतकों के परिजनों को पाँच-पाँच लाख रुपए एवं घायलों को पचास-पचास हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है।उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की है।