रायगढ़। जिले में सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज पाने के लिए युवक ने मोटरसाइकिल चलाते समय पिस्टल जैसी दिखने वाली लाइटर का प्रदर्शन करते हुए रील बनाई और उसे इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। रील की जानकारी पुलिस को मिली तो पुलिस ने मामले में युवक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया। इसके बाद उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामला खरसिया थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम छोटेमुड़पार के स्थानीय लोगों ने पुलिस से शिकायत की थी कि एक युवक ने मोटरसाइकिल चलाते समय हाथ में पिस्टल जैसी दिखने वाली चीज लेकर रील बनाई है। युवक ने यह वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी अपलोड किया था। शिकायत के बाद पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान 22 वर्षीय खेम सिंह रौतिया, निवासी छोटेमुड़पार के रूप में की। रविवार दोपहर पुलिस ने खेम सिंह रौतिया को बुलाकर वीडियो के बारे में पूछताछ की। पूछताछ में खेम सिंह ने बताया कि 28 अगस्त को उसने अपने मोबाइल से पिस्टल जैसी दिखने वाली लाइटर के साथ मोटरसाइकिल पर रील बनाई थी और उसे इंस्टाग्राम पर अपलोड किया था।
पुलिस ने युवक को समझाइश दी
पुलिस ने युवक को समझाया कि सोशल मीडिया पर हथियार या हथियार जैसी दिखने वाली चीजों के साथ वीडियो या रील बनाना ठीक नहीं है। इससे लोगों में डर पैदा हो सकता है और समाज में गलत संदेश जा सकता है। पुलिस ने उसे आगे ऐसी गतिविधियों से बचने की हिदायत दी। पुलिस की समझाइश के दौरान युवक मोहल्ले के लोगों द्वारा शिकायत किए जाने की बात पर नाराज हो गया। इसके बाद खरसिया पुलिस उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए धारा 170 बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर थाने ले आई। इसके बाद थाना खरसिया में धारा 170 बीएनएस, 126 और 135(3) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज पाने के लिए हथियार या हथियार जैसी दिखने वाली चीजों का प्रदर्शन करते हुए रील या वीडियो न बनाएं। पुलिस ने कहा कि ऐसे वीडियो से लोगों में डर का माहौल बन सकता है और कानून-व्यवस्था की स्थिति भी बिगड़ सकती है। इसलिए सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करें और ऐसी किसी भी गतिविधि से बचें, जिसके कारण पुलिस को कानूनी कार्रवाई करनी पड़े।



