रायगढ़। शुक्रवार की शाम राष्ट्रीय राजमार्ग 49 में झलमला के पास दो बाइक की जबरदस्त भिड़ंत में एक मासूम बच्ची सहित तीन लोगों की मौत हो गई। घटना शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। दो बाइक की जबरदस्त भिडं़त से घटनास्थल पर तीन लोगों की मौत की खबर से झलमला के गहिरा मेला में सनसनी फैल गई। बताया जाता है कि इस दुर्घटना में तीन लोग घायल भी हुए। उन्हें तत्काल अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। जहां तीनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग 49 एक बार रक्तरंजित हो गई। आए दिन राष्ट्रीय राजमार्ग 49 पर छोटी-बड़ी दुर्घटना के मामले सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में आज शुक्रवार की शाम करीब 6 बजे दो बाइक में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्ष दर्शियों के बताए अनुसार एक बाइक में गढ़उमरिया निवासी सुखदेव पोबिया 26 वर्ष उसकी पत्नी रीमा पोबिया 21 वर्ष, सुखदेव के साढ़ु की पुत्री श्रुति सिदार पिता सन्यासी सिदार व जलंधर साव सवार थे। वहीं एक अन्य बाइक में लहंगापाली निवासी एक व्यक्ति सवार था। दोनों बाइक की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हुई जिससे बाइक सवार सभी लोग सडक़ पर गिर पड़े। बताया जाता है कि लोगों के शरीर से खून के फव्वारे निकलते देख लोगों में हडक़ंप मच गया। बाइक से गिरे सुखदेव पोबिया और बच्ची श्रुति की जहां घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक में सवार सुखदेव पोबिया की पत्नी रीमा और जलंधर साव घायल हो गए। दूसरी तरफ एक अन्य बाइक चालक व्यक्ति की घटना स्थल पर ही मौत हो गई थी। इस जबरदस्त दुर्घटना की सूचना भी पुलिस को तत्काल मिल गई। जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग 49 से तत्काल घायलों को जहां उपचार के लिए अपेक्स हॉस्पिटल रायगढ़ भेजा गया। वहीं मृतकों के शव को जिला चिकित्सालय लाया गया। घटना की खबर लगते ही मृतक सुखदेव पोबिया का भाई अपने गांव के लोगों के साथ जिला चिकित्सालय पहुंच गया था।
कुछ महीने पहले हुई थी सुखदेव की शादी
मृतक सुखदेव पोबिया गढउमरिया का रहने वाला था। बताया जाता है कि गांव के कुछ अन्य लोग भी झलमला मेला देखने गए थे। इस दुर्घटना की खबर गांव के लोगों ने सुखदेव पोबिया के परिवार वचालों को दी। घटना की खबर लगते ही सुखदेव के परिवार वाले जिला चिकित्सालय के अलावा एपेक्स अस्पताल पहुंचे थे। बताया जाता है कि छोटे भाई सुखदेव पोबिया की मौत की खबर से उसका बड़ा भाई बदहवास था। पुलिस वहां से बॉडी को मरच्युरी में शिफ्ट करने से मना कर रहा था। हालांकि पुलिस के समणईस के बाद वह मान गया और शवों को मरच्युरी में शिफ्ट कर दिया गया। बताया जाता है कि कुछ महीने पहले ही सुखदेव की शादी हुई थी। उसके मौत की खबर से गढ़उमरिया गांव में मातम पसर गया।
झलमला के गहिरा मेला में पसरा सन्नाटा
आज शुक्रवार को झलमला में गहिरा मेला लगा हुआ था, जिसे देखने आसपास के गांव के लोग बड़ी संख्या में मेला देखने पहुंचे थे। बताया जाता है कि दिन ढलने के साथ लोग घर लौटने की जल्दी में थे। राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की बड़ी संख्या में आवा-जाही थी। वहीं पैदल आने-जाने वाले लोगों की भी सडक़ पर भीड़ थी। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो बाइक की जबरदस्त भिड़ंत में तीन लोगों की मौत की खबर से मेला परिसर में सन्नाटा पसर गया। देखते ही देखते घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। जिसे पुलिस ने तीतर-बीतर कर लोगों को मौके से हटाया।
बेटी की करुणांत पर बेसुध हुआ पिता
राष्ट्रीय राजमार्ग 49 पर दो बाइक की जबरदस्त भिड़ंत में तेंतला के सिदार परिवार ने भी अपनी साढे तीन साल की बच्ची को खो दिया। बताया जाता है कि तेतला निवासी सन्यासी सिदार की पुत्री भी मौसी रीमा पोबिया के साथ झलमला मेला देखने गई थी। जहां बाइक की भिड़ंत में जान गंवा बैठी। पुत्री के दुर्घटना में घायल होने की खबर उसके परिवारवालों ने सन्यासी सिदार दी। जिससे वह तमनार से रायगढ़ पहुंचा था, लेकिन बेटी के एपेक्स अस्पताल में नहीं होने पर बेचैन हो उठा। बताया जाता है कि संन्यासी सिदार तमनार में वन विभाग में पदस्थ है। बेटी के घायल होने का हाल-चाल उसके साढ़ु सुखदेव के परिवारवालों से जानना चाह रहा था। लेकिन उसे कोई यह नहीं बता रहा था कि उसकी बेटी कहां है? और देखते ही देखते पिता का दर्द शोर में बदल गया, पिता सन्यासी सिदार अपनी मासूम बेटी के साथ कोई बड़ी अनहोनी हो जाने की आशंका से दहाड़ मार कर रोने लगा। पिता के छलके उस शोर भरे दर्द को सुनकर अस्पताल प्रांगण में मौजूद लोग भी बेचैन होकर उस दर्दनाक हादसे को कोसते नजर आ रहे थे।