रायगढ़। जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ गुरुवार को ‘आशीर्वाद का दीया’ उत्सव के साथ हुआ। रायगढ़ के सिंदूर पार्क में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में 40 हजार से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों से सजे ‘नमो सिंदूर पार्क रायगढ़’ के आकर्षक स्वरूप ने आम जनों का ध्यान आकृष्ट किया बल्कि सेवा, सहयोग, और सामाजिक दायित्व के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में सहभागिता निभाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी.चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस की बधाई देते हुए कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति जनता के आभार, शुभकामनाओं और सेवा के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से आने वाले एक माह तक जनकल्याण और समाजहित से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों को आगे बढ़ाया जाएगा।
वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि देश ने बीते वर्षों में आर्थिक, सामाजिक, शैक्षणिक, कूटनीतिक और वैश्विक स्तर पर अनेक महत्वपूर्ण बदलाव देखे हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय बस्तर में सडक़ और आवागमन तक चुनौतीपूर्ण था, लेकिन निरंतर प्रयासों से परिस्थितियों में व्यापक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि ऐसे अनेक कार्य हैं, जिन्हें कुछ वर्ष पहले असंभव माना जाता था, लेकिन आज वे साकार हुए हैं।
वित्त मंत्री ने सिंदूर पार्क का उल्लेख करते हुए कहा कि यह स्थान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की स्मृति से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि इसी स्थल से हजारों लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए दीप प्रज्वलित किए हैं। उन्होंने आयोजन में बड़ी संख्या में शामिल नागरिकों, कार्यकर्ताओं, वरिष्ठजनों तथा प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई दी। आशीर्वाद का दीया’ उत्सव के माध्यम से जिले में जनभागीदारी से पांच लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए। शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों सहित आम नागरिकों ने अपने घरों में दीप जलाकर सेवा और सुशासन के प्रति अपनी सहभागिता दर्ज कराई। इसके साथ ही विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया गया। सिंदूर पार्क में दीपों से तैयार विशेष फॉर्मेशन को आकर्षक रूप देने में सहयोग करने वाले कार्यक्रम के दौरान कलाकार मनोज श्रीवास्तव एवं सुजीत मोदी का शाल और श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। वहीं, दीप प्रज्वलन में सहयोग करने वाली स्वच्छता दीदियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रति मंत्री ओ.पी.चौधरी ने आभार व्यक्त करते हुए उनके सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
बच्चों के चाचा बने ओपी चौधरी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सिंदूर पार्क में आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ उत्सव में एक बेहद आत्मीय और दिल को छू लेने वाला नजारा देखने को मिला, जब वित्त मंत्री और रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी जी बच्चों के चाचा बन गए। 40 हजार दीयों की झिलमिलाती रोशनी के बीच जब विधायक जी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे तो वहां मौजूद छोटे-छोटे बच्चों ने उन्हें घेर लिया। प्रोटोकॉल और मंच की औपचारिकता को छोडक़र वित्त मंत्री जी बच्चों के बीच जमीन पर ही बैठ गए और एक-एक बच्चे से हाथ मिलाकर बातें करने लगे। तस्वीर में साफ देखा जा सकता है कि कैसे मासूम बच्चों के चेहरे पर मुस्कान है और वे अपने चहेते चाचा ओपी को अपने बीच पाकर बेहद खुश हैं। कोई बच्चा मोबाइल से फोटो ले रहा है, तो कोई हाथ बढ़ाकर चाचा से हाथ मिला रहा है। इस दौरान बच्चों की किलकारी और हंसी से पूरा सिंदूर पार्क गूंज उठा।
गौरी शंकर मंदिर में की पूजा-अर्चना
महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती मधुलता पटेल जी के नेतृत्व में गौरी शंकर मंदिर में प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर विशेष पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। इस दौरान महिला मोर्चा की समस्त पदाधिकारी मौजूद रहीं। वित्त मंत्री विधायक ओपी चौधरी जी स्वयं भजन मंडली के साथ बैठकर भजन-कीर्तन में शामिल हुए और भगवान शिव-पार्वती की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की ओर से मोदी जी के यशस्वी, सुखी, शांतिमय और समृद्ध जीवन की कामना की। इसके बाद उन्होंने मंदिर के सामने फूल विक्रेता दीदी श्रीमती सरस्वती भारती गोस्वामी एवं श्रीमती सुशीला सिदार के साथ मंदिर परिसर में मोदी जी के जन्मदिन पर दीप प्रज्ज्वलित किया। यह आत्मीय क्षण सभी के दिल को छू गया।
मंत्री नहीं, परिवार के सदस्य हैं ओपी चौधरी

स्थानीय लोगों ने कहा कि रायगढ़ ने पहली बार ऐसा विधायक देखा है जो बच्चों में बच्चा बन जाता है, बुजुर्गों में बेटा और युवाओं में दोस्त। यही वजह है कि रायगढ़ की जनता उन्हें मंत्री नहीं, बल्कि अपने परिवार का सदस्य मानती है। प्रधानमंत्री मोदी जी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन के सेवा संकल्प को समर्पित इस कार्यक्रम में जब बच्चों ने ओपी चाचा के साथ दीये जलाए, तो लगा जैसे विकसित भारत 2047 का संकल्प इन्हीं नन्हें हाथों में सुरक्षित है। सच्चा जनप्रतिनिधि वही होता है जो कुर्सी पर नहीं, लोगों के दिलों में बैठता है।



