रायगढ़। गंभीर बीमारी से जूझ रहे जरूरतमंद मरीजों के लिए शासकीय स्वास्थ्य योजनाएं आर्थिक सहारा देने के साथ उपचार की राह भी आसान बना रही हैं। जिले के खरसिया विकासखंड के ग्राम महुंआपाली निवासी मुकेश कुमार शर्मा के लिए मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना ऐसी ही मददगार साबित हुई। हृदय संबंधी गंभीर समस्या के उपचार और पेसमेकर प्रत्यारोपण के लिए उन्हें योजना के तहत 8 लाख 91 हजार 778 रुपये की सहायता स्वीकृत हुई, जिसके बाद एम्स रायपुर में उनका सफल उपचार किया गया।
सीने में दर्द के बाद जांच में सामने आई गंभीर हृदय समस्या
मुकेश कुमार शर्मा को अचानक सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई। परिजन उन्हें उपचार के लिए रायपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने आवश्यक जांच कराई। ईसीजी और इको जांच में हृदय संबंधी गंभीर समस्या सामने आने के बाद चिकित्सकों ने तत्काल उपचार की आवश्यकता बताई।
एम्स रायपुर में शुरू हुआ उपचार, योजना से मिली आर्थिक मदद
मुकेश का उपचार 18 जुलाई 2024 से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायपुर में शुरू हुआ। उपचार के दौरान परिजनों को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, रायगढ़ की आयुष्मान शाखा के माध्यम से मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना की जानकारी मिली। योजना की पात्रता के अनुसार परिजनों द्वारा आवेदन प्रस्तुत किया गया। स्वास्थ्य विभाग की पहल और प्रक्रिया पूरी होने के बाद पेसमेकर प्रत्यारोपण के लिए 8,91,778 रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई। इस आर्थिक सहायता से एम्स रायपुर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मुकेश का सफल उपचार कर पेसमेकर प्रत्यारोपित किया गया।
उपचार के बाद सामान्य जीवन की ओर लौटे मुकेश
सफल उपचार के बाद मुकेश कुमार शर्मा अब स्वस्थ होकर सामान्य जीवन की ओर लौट रहे हैं। जिले में 17 सितम्बर से आयोजित सेवा संकल्प अभियान के दौरान अपने अनुभव साझा करते हुए मुकेश ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए गंभीर बीमारी का उपचार कराना बेहद कठिन होता है। ऐसे समय में मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना से मिली मदद उनके परिवार के लिए बड़ा संबल बनी। मुकेश ने उपचार में मिली आर्थिक सहायता के लिए राज्य शासन और स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहायता ने उन्हें कठिन समय में उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ जीवन के प्रति नई उम्मीद दी।



