रायगढ़। जिले में एक ग्रामीण की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी गई। वो रात में आरोपी के घर पहुंचा था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोपी ने टांगी से हमला कर दिया, जिससे ग्रामीण की मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी ने टांगी को जंगल में पत्थर के नीचे छिपा दिया। अब पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हथियार बरामद कर लिया है। मामला कापू थाना क्षेत्र के ग्राम पखनाकोट का है। पुलिस के मुताबिक, सोमवार को ग्राम पखनाकोट निवासी चैतराम यादव (50) की हत्या की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतक के भतीजे वासुदेव यादव (47) ने बताया कि आरोपी की पत्नी रविवार को चैतराम को बुलाने उसके घर आई थी। इसके बाद रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात चैतराम आरोपी नैहर साय मांझी (45) के घर पहुंचा। यहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
विवाद के दौरान नैहर साय मांझी ने चैतराम यादव पर टांगी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण चैतराम की मौत हो गई। उसका शव आरोपी के घर की परछी में जमीन पर पड़ा मिला। सूचना के बाद पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज किया और शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे गांव से हिरासत में लेकर पूछताछ की।
इलाज और कहासुनी को लेकर हुआ था विवाद
पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि 13-14 सितंबर की रात अपने इलाज और आपसी कहासुनी को लेकर चैतराम से विवाद हुआ था। इसी दौरान उसने टांगी से हमला कर दिया। आरोपी ने बताया कि वारदात के बाद उसने हत्या में इस्तेमाल टांगी को छाताघुरा जंगल में पत्थर के नीचे छिपा दिया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम छाताघुरा जंगल पहुंची। वहां पत्थर के नीचे छिपाकर रखी गई टांगी बरामद कर जब्त कर ली गई। पुलिस ने आरोपी नैहर साय मांझी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।



