रायगढ़। शहर के वार्ड क्रमांक 22, चक्रधर नगर चौक में एक बड़ा एडवरटाइजमेंट होर्डिंग बिना नगर निगम की अनुमति के लगाया जा रहा है, जिसको लेकर स्थानीय दुकानदारों और मोहल्लेवासियों ने नगर पालिक निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा है। शिकायत के अनुसार भजन लाल चावला एवं विनय चावला द्वारा चावला आर्किटेक्ट इंटीरियर कन्सट्रक्शन के ऑफिस की छत पर लोहे के बड़े-बड़े एंगल से विशाल होर्डिंग स्ट्रक्चर खड़ा किया जा रहा है। होर्डिंग बोर्ड का आधार सिर्फ ईंट की कच्ची जोड़ाई पर टिका है। इतने बड़े स्ट्रक्चर के नीचे से हाई वोल्टेज बिजली के तार और पोल गुजर रहे हैं। जो तेज हवा और बारिश में गिरने का पूरा खतरा है। आवेदन में कहा गया है कि हाल ही में वार्ड क्र. 17 सुभाष चौक में इसी तरह होर्डिंग गिरने से दुकानों और आम लोगों को भारी नुकसान हुआ था। उसी तरह की घटना दोहराई जा सकती है।
स्थानीय लोगों ने उठाया सवाल
यदि चक्रधर नगर चौक का होर्डिंग गिरने से किसी को नुकसान होता है तो जिम्मेदार कौन होगा – होर्डिंग लगवाने वाला फर्म या निगम प्रशासन? समस्त दुकानदारों व रहवासी शरद महापात्रे, अभिषेक निगम, अनिल राज, जयलाल केशवानी, सुकलाल बरेठ, सुनील दत्त शर्मा आदि ने हस्ताक्षर कर मांग की है कि बिना अनुमति बन रहे इस अवैध होर्डिंग को तुरंत हटवाया जाए। बहरहाल अब देखना होगा कि निगम आयुक्त लोगों की इस गंभीर शिकायत को कितनी गंभीरता से लेते हैं।
चक्रधरनगर में बिना अनुमति विशाल होर्डिंग का निर्माण, वार्डवासियों में दहशत – निगम आयुक्त से शिकायत



