रायगढ़। रायगढ़ लॉन टेनिस अकादमी की प्रतिभावान खिलाड़ी वेदांशी सारस्वत ने 26वीं राज्य स्तरीय लॉन टेनिस प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर जिले सहित पूरे राज्य का नाम रोशन किया है।
यह प्रतियोगिता 31 अगस्त को दुर्ग के बीएसपी टेनिस कॉम्प्लेक्स में प्रारंभ हुई थी, जिसमें बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, सरगुजा और बस्तर संभाग की टीमों ने हिस्सा लिया। रायगढ़ की टीम बिलासपुर संभाग की ओर से खेली। अंडर-14 बालिका वर्ग में टीम इवेंट में वेदांशी ने सभी संभागों की खिलाडिय़ों को पराजित कर बिलासपुर संभाग को प्रथम स्थान दिलाया। इसके बाद नेशनल टीम में चयन के लिए हुए नॉक आउट इवेंट में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए वेदांशी ने सभी प्रतिद्वंद्वियों को हराकर अंडर-14 बालिका वर्ग में राज्य में प्रथम रैंक के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उनके उत्कृष्ट खेल को देखकर वहां मौजूद सभी संभागों के कोच, मैनेजर और ऑफिशियल ने जमकर सराहना की। स्वर्ण पदक विजेता वेदांशी सारस्वत रायगढ़ के गार्जियन एंड गाइड इंग्लिश मीडियम स्कूल में कक्षा आठवीं की छात्रा हैं। उनके पिता प्रशांत सारस्वत एवं माता कीर्ति सारस्वत हैं।
प्रतियोगिता का समापन विगत 3 सितंबर को बीएसपी टेनिस कॉम्प्लेक्स में हुआ, जहां मंचासीन अतिथियों ने वेदांशी को मेडल पहनाकर आशीर्वाद दिया और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। वेदांशी का चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए प्रथम रैंक पर हुआ है और वह आगामी 15 अक्टूबर को दिल्ली के लिए रायगढ़ से रवाना होंगी। इस उपलब्धि पर रायगढ़ लॉन टेनिस अकादमी के कोच अपूर्व जैन ने बताया कि उनकी अनुपस्थिति में बिलासपुर के कोच ऐश्वर्य और मुकता दीदी ने वेदांशी को हर मैच में टिप्स देकर मार्गदर्शन और भरपूर सहयोग दिया। उन्होंने सभी को बधाई दी। वहीं खेल अधिकारी जीवन नायक, डॉ. यश चड्ढा एवं अन्य सदस्यों ने भी वेदांशी और उनके माता-पिता को बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की है।
शहर की बेटी वेदांशी सारस्वत ने जीता गोल्ड, राज्य में प्रथम स्थान हासिल कर किया राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन
26वीं राज्य स्तरीय लॉन टेनिस प्रतियोगिता में लहराया परचम, बिलासपुर संभाग को दिलाया प्रथम स्थान



