रायपुर। पुलिस और नगर निगम की टीम ने तेलीबांधा में संयुक्त अभियान चलाया। टीम ने सडक़ पर खड़े ठेले-गुमटियां हटाईं और यातायात रोकने वाले दुकानदारों का चालान काटा। यह कार्रवाई पीडब्लूडी चौक से नेताजी होटल तिराहे तक की गई। इसके बाद रिंग रोड और श्याम नगर की तरफ भी टीम पहुंची और सडक़ तक फैले अतिक्रमण को हटवाया।
अभियान के दौरान टीम ने देखा कि कई जगह ठेले, गुमटियां और दुकानों का सामान सडक़ की सीमा तक फैला हुआ था। इससे वाहन चालकों को निकलने में परेशानी हो रही थी। टीम ने ऐसे कब्जे हटवाए और यातायात बाधित करने वालों पर मौके पर ही जुर्माना लगाया। सडक़ पर जगह घेरने के साथ दुकानों के बाहर लगाए गए विज्ञापन बोर्ड, होर्डिंग और दूसरी प्रचार सामग्री भी कार्रवाई के दायरे में आई। इन्हें टीम ने मौके से जब्त कर लिया। पुलिस और निगम की टीम ने रिंग रोड और श्याम नगर में भी सडक़ किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया। अतिक्रमण के खिलाफ पुलिस और निगम की यह संयुक्त कार्रवाई इससे पहले टाटीबंध और पचपेड़ी नाका में भी हो चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि शहर के व्यस्त इलाकों में सडक़ घेरकर यातायात रोकने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
नेताजी होटल के पास निगम की कार्रवाई, दुकानदारों का चालान कटा, बोर्ड भी जब्त



